हरियाणा पुलिस के खिलाडिय़ों का विश्व पुलिस और फायर गेम्स में शानदार प्रदर्शन : 10 गोल्ड सहित 17 मेडल पर कब्ज़ा

Font Size

चंडीगढ़ :  हरियाणा पुलिस के खिलाडिय़ों ने हाल ही में चीन में संपन्न हुए विश्व पुलिस और फायर गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 गोल्ड सहित कुल 17 मेडल हासिल किए। पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा पुलिस के नौ खिलाडिय़ों के दल ने 17 पदक जीते जिसमें कुश्ती, मुक्केबाजी और तैराकी में 10 गोल्ड, कुश्ती व तैराकी में 5 सिल्वर तथा तैराकी में 2 कांस्य पदक शामिल हैं।
इन खेलों में, सबसे बड़ी कामयाबी द्वितीय बटालियन के इंस्पेक्टर पुनीत राणा को मिली जिसने तैराकी में अधिकतम आठ पदक हासिल किए। पुनीत ने 50 मीटर और 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में एक-एक स्वर्ण पदक, 50 मीटर फ्रीस्टाइल में एक रजत पदक और बटरफ्लाई स्पर्धा में एक कांस्य पदक अपने नाम किया। चार अलग-अलग रिले स्पर्धाओं में पुनीत ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर कुल आठ पदक अपने नाम किए।
इसके अलावा, डीएसपी गीतिका जाखड़ और जींद की इंस्पेक्टर निर्मला ने कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर मंजीत ने 86 किलोग्राम वर्ग कुश्ती में दो स्वर्ण पदक जीते तथा 5वीं बटालियन के इंस्पेक्टर राजेंदर ने भी कुश्ती में रजत पदक जीता। फरीदाबाद के कांस्टेबल बलजीत ने ग्रीको-रोमन में 130 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण और 125 किलोग्राम वर्ग फ्री-स्टाइल कुश्ती स्पर्धा में रजत पदक जीता। फरीदाबाद की कांस्टेबल मोहनी ने 75 किलोग्राम वर्ग की कुश्ती स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इसी प्रकार, 5वीं बटालियन की सब-इंस्पेक्टर कविता चहल ने मुक्केबाजी में दमखम दिखाते हुए स्वर्ण पदक झटका।
पुलिस महानिदेशक श्री मनोज यादव ने अंतर्राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हरियाणा पुलिस के खिलाडिय़ों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पुलिस के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करते रहे हैं। पुलिस विभाग के खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि वे आगामी अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भी देश की पदक तालिका में अधिकतम योगदान देकर राज्य तथा पुलिस विभाग का नाम रोशन कर सकें।

You cannot copy content of this page