भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा बोले : भारत को तोड़ने में तुमने कोई कसर छोड़ी नहीं, अब भारत को जोड़ने की यात्रा पर चले हो

Font Size

नई दिल्ली : भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि जेएनयू के परिसर में संसद पर हमला करने वाले मास्टरमाइंड के समर्थन में नारे लगाए जा रहे थे कि अफजल हम शार्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैंं। और दूसरे दिन राहुल गांधी नारे लगाने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं… आज तक राहुल गांधी ने माफी नहीं मांगी। उन्होंने कहा कि जब तक राहुल गांधी माफी नहीं मांगते हैं, ये भारत जोड़ नहीं रहे हैं भारत को तोड़ने में लगे हैं।  उन्होंने कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी पर यह कहते हुए कटाक्ष किया कि “भारत को तोड़ने में तुमने कोई कसर छोड़ी नहीं, अब भारत को जोड़ने की यात्रा पर चले हो।”

भाजपा अध्यक्ष आज हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित ‘अभिनंदन कार्यक्रम’ को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि भारत को कमजोर करने वाली धारा 370 को मोदी जी ने हटा दिया, लेकिन कांग्रेस ने धारा 370 हटाने का विरोध किया और अब ये भारत को जोड़ने चले हैं।  उनका कहना था कि  छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भाजपा की हैट्रिक इस बात की गारंटी है कि 2024 में दिल्ली में भी हैट्रिक होगी और मोदी जी की सरकार आयेगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस साफ हो गई, मध्य प्रदेश में सभी रिकॉर्ड टूटे और राजस्थान में भी कमल खिल गया।

जे पी नड्डा ने कहा कि ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का अटूट विश्वास है, जिन्होंने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल डाली। झूठ बोलकर राजनीति नही चलती है, लोगों को धोखे में रखकर राजनीति नहीं चलती है। लोगों से जुड़ना पड़ता है, उनकी तकदीर बदलनी पड़ती है। और ये काम हमारे प्रधानमंत्री ने किया है, इसलिए हमें राजस्थान में जीत मिली, मध्य प्रदेश में जीत मिली और छत्तीसगढ़ में भी जीत मिली .

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भूपेश बघेल ने गरीबों को दी गई केंद्र सरकार की योजनाओं को लटकाया इसलिए छत्तीसगढ़ की जनता ने उन्हें और उनकी सरकार को लटका दिया। राजस्थान में लोगों को समझ आ गया था कि गहलोत की सरकार महिलाओं पर अत्याचार करने वाली सरकार है, युवाओं के साथ अन्याय करने वाली सरकार है। 19 बार पेपर लीक हुआ, कोई भर्ती नहीं हुई इसलिए प्रदेश की जनता ने उन्हें घर ​बैठा दिया।

उन्होंने कहा कि आज जब देश को बांटने के लिए जाति जाति जाति… चल रही है, तो मोदी जी ने कहा हमारे लिए सिर्फ चार जातियां हैं… महिला, किसान, युवा और गरीब।

 

देश में चलाई जा रही केंद्र सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरी होने की गारंटी है। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ ये अधिक लोगों को हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है।आयुष्मान योजना के तहत 50 करोड़ से अधिक लोगों को हर वर्ष 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।

कांग्रेस शासन काल में हुए दंगे की बाते करते हुए श्री नड्डा ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि 1984 में सिखों का कत्लेआम कर दिया गया, हमारे सिख भाईयों के साथ अन्याय हुआ और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा कि जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है। ये भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं या तोड़ो यात्रा पर निकले हैं… ये न्याय करने निकले हैं या अन्याय करने निकले हैं।

राहुल गांधी द्वारा उठाये गए ओबीसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आज ओबीसी ओबीसी कर रहे हैं। काका कालेलकर की रिपेार्ट दशकों धूल फांकती रही। मंडल कमीशन की रिपोर्ट इंदिरा गांधी के समय आ गई थी, लेकिन दिल्ली की अलमारियों में धूल फांकती रही। कांग्रेस ने न कभी चर्चा की और न बात की। आज राहुल गांधी ओबीसी ओबीसी का नारा लगा रहे हैं। ये न्याय की बात कर रहे हैं। जबकि ओबीसी को संवैधानिक दर्जा मोदी सरकार ने दिया।

एक दिन पूर्व चीन की सरकारी मिडिया ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित लेख की चर्चा करते हुए जे पी नड्डा ने कहा कि आज चीन, भारत की तारीफ कर रहा है। वहां का अखबार ग्लोबल टाइम्स कहता है कि भारत तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है और विकास और सामाजिक न्याय में सबसे आगे आकर खड़ा हो रहा है।

You cannot copy content of this page