वर्ष 2022 तक प्रदेश के सभी लोगों को घर मुहैया करवाए जाएंगे : संदीप जोशी

Font Size

चंडीगढ़। हरियाणा आवास बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन संदीप जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की दूरगामी सोच के तहत वर्ष 2022 तक प्रदेश के सभी लोगों को घर मुहैया करवाए जाएंगे और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बोर्ड द्वारा व्यापक स्तर पर कदम उठाए जाएंगे।
श्री जोशी आज पंचकूला में हरियाणा आवास बोर्ड के चेयरमैन का पदभार सम्भालने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन अनुसार प्रदेश के सभी नागरिकों को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवास मुहैया करवाने के लिए कार्यवाही में तेजी लाई जाएगी। इसके लिए प्रदेश में कई योजनाएं चलाकर लोगों से आवेदन मांगे गए और अब इनकी प्रगति रिपोर्ट लेकर शीघ्र ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी लोगों को घर उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

वर्ष 2022 तक प्रदेश के सभी लोगों को घर मुहैया करवाए जाएंगे : संदीप जोशी 2उन्होंने कहा कि वे हरियाणा आवास बोर्ड को मुनाफे में लाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पूरी ईमानदारी ओर कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करेंगे तथा आवास बोर्ड को लोगों की अपेक्षाओं और आशाओं के अनुरूप आगे बढ़ाने के साथ-साथ खरा उतरने के प्रयास किए जाएगें। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से हरियाणा आवास बोर्ड को 7 करोड़ रुपए से लेकर 150 करोड़ रुपए तक लाभान्वित करने का कार्य किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री एवं बोर्ड के पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं।
इस अवसर पर हरियाणा आवास बोर्ड के पूर्व चेयरमैन जवाहर यादव, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निर्मला बैरागी, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, चेयरमैन अजय गौड़, जिला प्रधान दीपक शर्मा, जिला महामंत्री हरेन्द्र मलिक, कुलभूषण अग्रवाल सहित कई भाजपा नेताओं एवं पदाधिकारियों ने जोशी का भव्य स्वागत किया और उन्हें बधाई व शुभकामनाएं भी दी।

You cannot copy content of this page