प्रवासी हरियाणा दिवस में कलाकारों ने खूब रंग जमाया 

Font Size

किंगडम ऑफ ड्रीम्स में हरियाणवी ऑर्केस्ट्रा पर झूमे लोग 

सुरेन्द्र शर्मा की कविता  ने हरियाणवियों को गुदगुदाया

 

 प्रवासी हरियाणा दिवस में कलाकारों ने खूब रंग जमाया  2गुरुग्राम। प्रवासी हरियाणा दिवस के शुभारंभ अवसर पर आज हरियाणवी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने हरियाणवी अंदाज में अपने प्रवासियों का स्वागत किया या हरियाणवी में कहें कि ‘धुम्मा ठा’ दिया। कलाकारों की धुआंदार प्रस्तुति देखकर प्रवासी हरियाणवी अपनी पुरानी यादों मे खो गए और उन्होंने भी खूब ठहाके लगाए। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने ‘किल्की मारी’, जोकि अक्सर हरियाणवी कार्यक्रमों की पहचान होती है। सांस्कृतिक संध्या में प्रत्येक प्रस्तुति हरियाणवी पृष्ठभूमि के रंगो को समेटे हुई थी।
दो दिवसीय यह आयोजन गुरुग्राम के सैक्टर-29 स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन स्थल तक आने वाले सभी मुख्य मार्गों की सजावट देखते ही बन रही है। जगमगाती रंग-बिरंगी लाइटों के अलावा, सडक़ों के साथ ग्रीन बैल्ट को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कार्यक्रम में आने वाले प्रवासी हरियाणवियों का आयोजन स्थल पर स्वागत रैड कारपेट से किया जा रहा है। ढोल-नगाड़ो व गाजे-बाजों के साथ कार्यक्रम में आने वाले लोगों का स्वागत किया गया। 
प्रवासी हरियाणवियों के स्वागत व मनोरंजन के लिए आज विशेष तौर पर सांस्कृतिक संध्या आयोजित की गई थी। बॉलीवुड के प्ले बैक सिंगर सोनू निगम ने अपने लोकप्रिय गाने- ‘सूरज हुआ मद्धम , चाँद ढालने लगा’की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटौरी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा ने अपने अनोखे अंदाज से पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बना चुके है। उन्होंने अपनी कविता के माध्यम से उपस्थित लोगों को खूब गुदगुदाया। सभागार में उपस्थित सभी लोग उनकी कविताएं सुनकर लोट-पोट हो गए। 
कार्यक्रम में अगली प्रस्तुति थी हरियाणवी आर्केस्ट्रा की। इस प्रस्तुति की शुरूआत ‘दुनिया में होग्या नाम म्हारे हरियाणा का, थारे आने से बढ़ गया मान म्हारे हरियाणा का’ नामक गीत से की गई थी। आर्केस्ट्रा में 70 हरियाणवी पारम्परिक वाद्य यंत्रों को बजाया गया। इसके अलावा, कार्यक्रम में हरियाणवी लोक संस्कृति के लोकप्रिय गीतों ‘मेरा नौ डांडी का बीजना’, ‘जीजा तू काला मै गौरी घणी’,‘ मेरा बोरला घड़वा दे रे, हो नन्दी के बीरा’, ‘उड़ जाइये रै कबूतर तन्नै मारे बिजली’ आदि पर हरियाणवी नृत्य ने सभी दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। 
हरियाणवी पॉप सिंगर गजेन्द्र फौगाट ने ‘इब दुनिया वालों सिरीयस ल्यो हरियाणा नै’ प्रस्तुत करके हरियाणा की उपलब्धियों से लेकर खान-पान का जिक्र बहुत ही सुंदर ढंग से किया। हास्य कवि अरूण जैमेनी ने हरियाणवी अंदाज में प्रदेश की शैली व हाजिरजवाबी का वर्णन किया और कहा कि हरियाणा का व्यक्ति प्रश्र का उत्तर प्रश्र से ही देता है। उन्होंने स्वरचित अपनी कविताओं के माध्यम से पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। सांस्कृतिक संध्या में किंगडम ऑफ ड्रीम्स के कलाकारों ने बियोंड बॉलीवुड थीम पर भारतीय संस्कृति के रंग बिखेरे। इस प्रस्तुति में कलाकारों ने  भारत के विभिन्न प्रदेशो की सभ्यता और संस्कृति  की छंटा बिखेरकर दर्शकों की तालियां बटोरी।

 

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page