सौरभ चौधरी को स्वर्ण जबकि अभिषेक को कांस्य पदक , पीएम ने दी बधाई

Font Size

जकार्ता। भारत के 16 वर्षीय निशानेबाज सौरभ चौधरी ने एशियाई खेलों में मंगलवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियाई खेलों की इस स्पर्धा में अभिषेक वर्मा की बदौलत भारत को कांस्य पदक भी हासिल हुआ। सौरभ ने भारत के लिए तीसरे दिन स्वर्ण पदक से अच्छी शुरुआत की।

यह भारत के खाते में गिरा कुल तीसरा पदक है। सौरभ ने एशियाई खेलों में इस स्पर्धा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए कुल 240.7 अंक हासिल किए और सोना जीता। अभिषेक ने फाइनल में शीर्ष-3 में जगह बनाई और अंत में कुल 219.3 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।

फाइनल में पहले पांच निशानों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए सौरभ दूसरे और अभिषेक चौथे स्थान पर थे। इसके बाद दोनों ने अपनी लय बरकरार रखते हुए शीर्ष-3 खिलाडिय़ों में जगह बनाई। यहां एक गलत निशाने के कारण अभिषेक स्वर्ण पदक से चूक गए और उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा।
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इंडोनेशिया के जकार्ता-पालेमबांग में आयोजित 18वें एशियाई खेल 2018 में पुरूष वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर सौरभ चौधरी को बधाई दी है।

16 वर्षीय सौरभ चौधरी हमारे युवाओं की क्षमता और शक्ति को प्रदर्शित करते है। इस प्रतिभाशाली युवा ने एशियाई खेल 2018 के पुरूष वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्‍त किया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी जकार्ता में चल रहे 18वें एशियन खेलों में आज हरियाणा के दो ओर खिलाडिय़ों द्वारा पदक जीतने पर बधाई दी है
मुख्यमंत्री ने 50 मीटर राइफल 3 पॉजीशन मैन्स इवेंट में रजत पदक जीतने वाले संजीव राजपूत और 10 मीटर एयर पिस्टल की प्रतियोगिता में अभिषेक वर्मा द्वारा कांस्य पदक जीतने पर बधाई देकर शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन खेलों में विनेश फोगाट तथा बजरंग पूनिया ने कुश्ती में स्वर्ण पदक, लक्ष्य श्योराण व संजीवराजूपत ने निशानेबाजी में रजत पदक तथा अभिषेक वर्मा ने कांस्य पदक जीता है।
उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि हरियाणा के खिलाडिय़ों द्वारा आज 2 ओर पदक जीतने से कुल पदकों की संख्यां 5 हो गई है। तीन दिन से चल रहे इन खेलों मेंदेश ने अभी तक कुल 9 पदक जीते है, जिनमें से हरियाणा के खिलाडिय़ों ने 5 पदक जीतकर देश में अव्वल स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि इन सभी खिलाडिय़ों ने अपनी मेहनत और लगन से इस जीत को दर्ज करने पर देश को गौरवान्वित होने का एक और अवसर प्रदान किया है।

You cannot copy content of this page