कोई भी बेसहारा या बेघर व्यक्ति रात्रि के समय ठंड से परेशान नहीं होगा : डिप्टी मेयर

Font Size

–    नगर निगम गुरूग्राम द्वारा फिलहाल 7 रैन-बसेरे किए जा रहे हैं संचालित

–    3 अन्य रैन-बसेरे एक सप्ताह में किए जाएंगे शुरू

–    नागरिकों से अनुरोध-बेसहारा व्यक्तियों को पहुंचाएं रैन-बसेरों तक

गुरूग्राम, 5 दिसम्बर। इस बार सर्दी के मौसम में गुरूग्राम में कोई भी बेसहारा या बेघर व्यक्ति रात्रि के समय खुले आसमान के नीचे नहीं सोएगा। इसके लिए नगर निगम द्वारा 7 रैन-बसेरे संचालित किए जा रहे हैं तथा अगले एक सप्ताह में 3 अन्य रैन-बसेरे भी शुरू कर दिए जाएंगे।
    इस बारे में नगर निगम गुरूग्राम की डिप्टी मेयर सुनीता यादव ने बताया कि नगर निगम द्वारा करवाए गए सर्वे के अनुसार लगभग 254 बेघर व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात्रि बिताने को मजबूर थे। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा संचालित किए जा रहे 7 रैन-बसेरों में 375 व्यक्तियों के आश्रय की क्षमता है। इसके साथ ही जो 3 रैन-बसेरे अभी शुरू किए जाएंगे, उनकी क्षमता 50 व्यक्तियों की होगी। इस प्रकार नगर निगम द्वारा जरूरत से अधिक की व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति सर्दी के मौसम में खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर ना हो। उन्होंने बताया कि जरूरत अनुसार रैन-बसेरों की संख्या को और भी बढ़ाया जा सकता है।

यहां बनाए गए हैं रैन-बसेरे : डिप्टी मेयर सुनीता यादव ने बताया कि नगर निगम गुरूग्राम द्वारा  भीमनगर, शीतला माता मंदिर तथा गांव कन्हैयी में स्थाई रैन-बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। इनके अलावा, इफ्को चौक, जिला रैडक्रॉस सोसायटी बिल्डिंग चंदन नगर, राजीव चौक तथा रेलवे स्टेशन के नजदीक पोर्टा केबिन रैन-बसेरे संचालित हैं। इनके अलावा, नागरिक अस्पताल गुरूग्राम, बादशाहपुर रैड लाईट तथा बसई चौक पर एक सप्ताह में रैन-बसेरे शुरू कर दिए जाएंगे।

    डिप्टी मेयर ने गुरूग्राम के नागरिकों से अनुरोध किया कि अगर रात्रि के समय उन्हें कोई व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोया हुआ मिले, तो उसे नजदीकी रैन-बसेरे तक पहुंचाएं या उसके बारे में नगर निगम को सूचित करें। 

You cannot copy content of this page