मनोहर लाल ने पूर्व सरकार पर लगाए भ्रष्ट होने के आरोप

Font Size

कहा तब भ्रष्ट नीयत से तय होती थी विकास राशि 

व्यक्तिवाद , परिवारवाद और क्षेत्रवाद की सोच से करते थे काम 

चण्डीगढ़ :  हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आरोप लगाया है कि  पूर्व के 9 मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल में कार्य करवाने की इच्छा शक्ति की कमी थी। प्रदेश में विकास के लिए कभी भी बजट की कमी नही रही है.  उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्रीयों ने प्रदेश के विकास की बजाए व्यक्तिगत, परिवार और क्षेत्र विशेष के विकास की सोच पर कार्य किया. सीएम ने दावा किया कि वर्तमान सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक मूलमंत्र के आधार पर सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एकसमान विकास कर रही है। उन्होंने पूर्व सरकारों की नियत पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार की नीयत से विकास परियोजनाओं के लिए निर्धारित राशि को कम दिखाया जाता था जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में परियोजनाओं के लिए निर्धारित बजट में से 15 से 20 प्रतिशत तक राशि बचती है।
मुख्यमंत्री आज सब्जी मंडी नारायणगढ़ में लगभग 100 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने के उपरांत हरियाणा के श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने राज्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक नायब सिंह सैनी की मांग पर रायवाली-फतेहगढ़ मार्ग पर गाजीपुर में 14.50 करोड़ रुपए की लागत से पुल का निर्माण करवाने, नगरपालिका नारायणगढ़ व नगर निगम अम्बाला में नारायणगढ़ क्षेत्र की कलोनियों के विकास के लिए 10 करोड़ रुपए तथा नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों के विकास के लिए 15 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।

 

उन्होंने कोड़वा खुर्द से घड़ौली तक सडक़ निर्माण की घोषणा करने के साथ-साथ देश की सीमाओं की रक्षा में विशेष सहयोग देने वाले गांव कोड़वा – कड़ासन मार्ग को शहीद स्मृति मार्ग भी घोषित किया। उन्होंने राज्यमंत्री द्वारा रखी गई क्षेत्र की शेष समस्याओं के लिए भी आश्वस्त किया और कहा कि विकास के लिए धन की कमी आड़े नही आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि गत दो वर्ष के दौरान प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में विकास को गति देने के साथ-साथ व्यवस्था सुधार पर बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष 2017 में विकास और रोजगार पर विशेष बल रहेगा और इसके लिए हरियाणा सरकार ने 550 उद्यमियों से 60 लाख करोड़ रुपए के औद्योगिक समझौते किए हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को धार्मिक क्षेत्र के महानायक गुरू गोबिन्द सिंह के 350वें प्रकाशोत्सव की मुबारकबाद दी और कहा कि सरकार शीघ्र ही अम्बाला संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले पंचकूला, यमुनानगर अथवा अम्बाला में किसी एक स्थान पर गुरू गोबिन्द सिंह के नाम पर किसी बड़ी परियोजना की स्थापना करेगी।

 
उन्होंने कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी करार देते हुए कहा कि उनके शासनकाल में विकास के लिए जारी किए जाने वाले 100 रुपयों में से धरातल में केवल 15 रुपए खर्च होते थे, जिसे उनके स्व. पूर्व प्रधानमंत्री ने स्वंय स्वीकार किया था। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार के विरूद्ध प्रभावी अभियान आरम्भ किया है और काले धन, भ्रष्टाचार और आतकंवाद पर नकेल डालने के लिए नोटबंदी का साहसिक निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार विकास के साथ-साथ युवाओं को रोजगार दिलवाने के लिए भी कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जहां औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है वहीं कौशल विकास और युवाओं को विभिन्न हुनरों में निपुण बनाने पर भी बल दिया जा रहा है। इस उदद्ेश्य से पलवल में कौशल विकास विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को महीने में 100 घंटे का काम देकर निर्धारित मानदेय दिया जाएगा।

 

प्रथम चरण में स्नातकोत्तर युवाओं को 9000 रुपए मानदेय दिया जा रहा है और दूसरे चरण में स्नातक स्तर के युवाओं को इस तरह का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कोई भी सरकारी नौकरी सिफारिश के आधार पर नही दी जाती बल्कि सभी नौकरियां मैरिट के आधार पर योग्य युवाओं को दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सिफारिश के बल पर नौकरी में आने वाले असक्षम अधिकारी/कर्मचारी लम्बे समय तक प्रदेश का नुकसान करते हैं जबकि योग्य युवा विकास में सहयोग करेंगे।
श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री का कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचने पर पगड़ी पहनाकर, शॉल व फूलों का एक बड़ा हार पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने 9 अप्रैल 2015 में मुख्यमंत्री द्वारा नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए की गई विकास परियोजनाओं में से अधिकतर को पूरा करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भेद भाव- के दंश से था ग्रस्त हमारा प्रदेश न क्षेत्रवाद न जातिवाद बदल गया पूरा प्रदेश। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि नारायणगढ़ एक पिछड़ा क्षेत्र होने के कारण लोगों के पास रोजगार के अवसर नही है। उन्होंने हिमाचल की तर्ज पर नारायणगढ़ क्षेत्र को औद्योगिक रूप से पिछड़ा क्षेत्र घोषित करके औद्योगिक विकास को विशेष प्राथमिकता देने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में घटते जलस्तर की समस्या के समाधान के लिए नहर का निर्माण करवाने, सिविल अस्पताल नारायणगढ़ में स्टाफ की कमी को पूरा करवाने सहित क्षेत्र के विकास से सम्बन्धित अन्य मांगे भी रखी।
कार्यकर्ता सम्मेलन को सांसद रत्न लाल कटारिया, भाजपा के जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेन्द्र राणा सहित अन्य नेताओं ने भी सम्बोधित किया। सांसद रत्न लाल कटारिया ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नोटबंदी के फैसले को भ्रष्टाचार पर एक बड़ा हमला बताते हुए अपने अंदाज में रागनी ‘नोटबंदी का तेरा फैसला मोदी हमारे दिल को भा गया घोटालेबाजों का ईलाज करने मोदी आ गया’ प्रस्तुत की और दर्शकों ने भी उनकी इस गायन और लेखन शैली को मुक्त कंठ से सराहना की।
राज्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पगड़ी, स्मृति चिन्ह व शॉल देकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर ब्लॉक समिति नारायणगढ़, भारतीय जनता युवा मोर्चा, नगरपालिका नारायणगढ़, सरपंच यूनियन नारायणगढ-शहजादपुर, जिला परिषद अम्बाला, अनाज मंडी एसोसिएशन नारायणगढ, क्षेत्र की गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी और गऊरक्षा दल नारायणगढ़ के पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को सम्मानित किया।

इन विकास परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन व शिलान्यास

मुख्यमंत्री द्वारा आज 162. 49 लाख रूपये से बनने वाले पीडबल्यूडी विभाग के रेस्ट हाऊस नारायणगढ़ के नये भवन का शिलान्यास, एनएच 72 से गांव गलोडी (यमुनानगर) मारकण्डा नदी पर 7 स्पेन का हाई लेवल पुल का शिलान्यास किया, जिस पर 1264. 54 लाख रूपये की राशि खर्च होगी। इस पुल के बनने से नारायणगढ़ हल्के के तथा सढौरा हल्के के दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ होगा। इसी प्रकार गांव धनाना में 266.89 लाख रूपये से बनने वाली पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थय केन्द्र) भवन, शहजादपुर में 638.14 लाख से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र सीएचसी का शिलान्यास किया। गांव बड़ागढ में 71 कनाल 14 मरले भूमि पर लगभग 1200 लाख से बनने वाले राजकीय कन्या कालेज तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 73 से राज्यीय मार्ग-1 से वाया सादिकपुर हडबौन सडक़ को चौड़ा और सुदृढीकरण करने कार्य का शिलान्यास किया। जिस पर 1111.50 लाख रूपये खर्च आएगा। मुख्यमंत्री द्वारा उप स्वास्थय केन्द्र भूरेवाला का शिलान्यास किया जिस पर 25 लाख रूपये की राशि खर्च की जाएगी।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने एचबीवीएन के गांव पिलखनी में 800 लाख से बने तथा गांव लाहा में 1200 लाख से बने 66 केवी सब स्टेशनों का उद्घाटन किया। स्टेट हाई-वे एक से अम्बली- महुआखेड़ी मार्ग पर 123 लाख से बने दो स्पैन के लो-लेवल पुल, गांव रजौली से बधौली में बेगना नदी पर 573 लाख से 4 स्पैन के हाईलेवल पुल, बेगना नदी पर ही 929 लाख से निर्मित गांव छोटी कोहडी-मीरपुर को जोडऩे वाले मार्ग पर 7 स्पैन के पुल तथा गांव भांरापुर में 1200 लाख से बने आई.टी.आई. के भवन का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सांसद रत्न लाल कटारिया के अलावा विधायक बलवंत सिंह सढ़ौरा, हरकोफैड के चेयरमैन रामेश्वर चौहान, उपायुक्त प्रभजोत सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल, अतिरिक्त उपायुक्त आर.के. सिंह, एसडीएम मोनिका गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेन्द्र राणा, भाजपा के जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष संजय लाकड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य नम्रता गौड, निगरानी समिति अध्यक्ष एवं मण्डल प्रधान नरेन्द्र राणा कुराली, जिला महामंत्री राजेश बतौरा, जिला सचिव अमित अग्रवाल, राज्य मंत्री के राजनैतिक सचिव सोहन सिंह, पूर्व जिला प्रधान भारत भूषण जटवाड़, मण्डल प्रधान नवीन शर्मा नारायणगढ़, मंडल प्रधान विवेक गुप्ता शहजादपुर, गुरपाल सिंह अकबरपुर, गुरमेल सिंह पंजेटो, राकेश बिंदल, अशोक साहनी, बांका सैनी, मोहित शर्मा, रविन्द्र सैनी, अश्वनी अग्रवाल, मुकेश गर्ग, पंचायत समिति शहजादपुर के चेयरमैन गुरनाम सिंह, वाईस चेयरमैन सुभाष सैनी, मार्किट कमेटी शहजादपुर चेयरमैन संजीव गुप्ता, ओम प्रकाश चानना, ब्लॉक समिति नारायणगढ चेयरमैन नीलम, वाईस चेयरमैन गुरमीत सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैप्पी शर्मा, कमल गोंदी, पवन सैनी, नगरपालिका प्रधान जगदीप कौर, सरपंच यूनियन नारायणगढ के अध्यक्ष जसवीन्द्र बख्तुआ, सरपंच यूनियन शहजादपुर के प्रधान अशोक पाल व जिला परिषद सदस्य जिया लाल सैनी, नीना गुप्ता, नीरज अग्रवाल, देवेन्द्र सैनी, मण्डल महामंत्री मंगू राम कंजाला, गऊरक्षा दल के सुरेन्द्र सैनी, सोम दत्त तथा मीडीया प्रभारी संजीव सैनी सहित भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठो के पदाधिकारी कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद थे।

You cannot copy content of this page