सीजेएम ने किया भोंडसी जेल का निरीक्षण, लोक अदालत में बंदियों के मामले की सुनवाई की, एक रिहा

Font Size


गुरुग्राम, 15 जनवरी। सीजेएम तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रमेश चंद्र ने भोंडसी कारागार का निरीक्षण किया तथा उनकी अध्यक्षता में लोक अदालत लगाई गई। लोक अदालत में आठ बंदियों के मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से एक बंदी को सीजेएम ने रिहा करने के आदेश जारी किए।


सीजेएम रमेश चंद्र ने बुधवार को भोंडसी जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में रह रहे पुरुष व महिला बंदियों के साथ बातचीत की और उनसे उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने कहा कि कडक़ड़ाती ठंड के मौसम को देखते हुए बंदियों को उचित सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। बंदियों के स्वास्थ्य की जेल में नियमित रूप से जांच होनी चाहिए। जेल की बैरकों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहें, इसकी रोजाना जांच की जाए। जेल उपाधीक्षक सत्यभान ने बताया कि जेल में साफ-सफाई और बंदियों की देखभाल का नियमित रूप से अवलोकन किया जाता है।


इसके बाद सीजेएम रमेशचंद्र की अध्यक्षता में जेल परिसर में लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में 8 मामलों की सुनवाई की गई। छोटे जुर्म के मामलों में पिछले कई दिनों से जेल में बंद एक बंदी को जुर्म का इकबाल करने तथा एक अच्छे नागरिक की तरह रहने की स्वीकारोक्ति के बाद सीजेएम ने उसे रिहा करने के आदेश दिए।

Table of Contents

You cannot copy content of this page