कोरोना की दूसरी लहर से बचाव के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक प्रबंध : डीसी

Font Size
  • डीसी ने आमजन से की घर में रहकर सुरक्षा चक्र को बनाए रखने की अपील
  • गुरुग्राम 26 अप्रैल। जिला में कोरोना संक्रमण चक्र को तोड़ने के लिए पूरी प्लानिंग की गई है। एनसीआर क्षेत्र में शामिल गुरुग्राम आमजन के स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर गंभीर है और हर पहलू पर पारखी नजर रखते हुए प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

यह जानकारी उपायुक्त डॉ यश गर्ग ने दी। डीसी ने आमजन से अपील की है कि जिस प्रकार कोरोना की पहली लहर में धैर्य व संयम बनाए रखते हुए लोगों ने कदम उठाए थे ,ठीक उसी प्रकार अब कोरोना की दूसरी लहर में भी सरकार व प्रशासन की ओर से निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करें।


डीसी ने कहा कि अगर हम अपने व्यवहार को बदलते हुए निर्धारित नियमों की पालना करेंगे तो निश्चित तौर पर गुरुग्राम जिला एनसीआर क्षेत्र में होने के बावजूद कोरोना से दूरी बनाए रखने में कारगर रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर कोरोना से बचाव के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। दिन रात कोरोना से संक्रमित व्यक्तियों पर स्वास्थ्य विभाग की मॉनिटरिंग है। संक्रमित व्यक्तियों के स्वास्थ्य सुधार को लेकर जो भी व्यवस्था हैं वह पूर्ण की जा रही हैं ताकि स्वास्थ्य लाभ कोरोना संक्रमित को तत्परता से मिल सके।

प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित, हेल्पलाइन नंबर जारी


डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को हर संभव स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं ताकि वे सकुशल रहें। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल सेवा के लिए जिला प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया और हेल्पलाइन नंबर 0124-2322412, 108 और 1950 जारी किया गया है। साथ ही सरकार की ओर से दिए गए राज्य हेल्पलाइन नंबर 1075 पर संपर्क कर कोरोना से बचाव संबंधित जानकारी व कोरोना संक्रमित व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने बारे चिकित्सा जानकारी 24 घंटे किसी भी दिन प्राप्त कर सकते हैं। इसी प्रकार प्लाज्मा डोनेशन के लिए हेल्पलाइन नंबर-8826320564 पर संपर्क किया जा सकता है। इसी प्रकार कोरोना संक्रमित मरीजों की मदद के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा हेल्पलाइन नंबर-9999999953 भी जारी किया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला में कोरोना संक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट 75.29, डबलिंग रेट-22.86, पाॅजिटिविटी रेट 8.80, ग्रोथ रेट 3.30 तथा मृत्यु दर-0.41 है। ज्यादातर कोरोना संक्रमित मरीज घर रह कर ठीक हो रहे हैं। होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों के लिए ई-संजीवनी ओपीडी एप्प की भी शुरुआत की गई है जिस पर डॉक्टरों की टीम द्वारा उन्हें निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया जाता है। इतना ही नहीं, कोरोना संक्रमित मरीजो से रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक डॉक्टर से वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ते हैं ताकि वे अपने संशय दूर कर सके। जिला में बेड की उपलब्धता या कोरोना संक्रमण संबंधी अन्य जानकारी के लिए वेबसाइट- http://covidggn.com पर लॉग इन कर सकते हैं। बेड की उपलब्धता के लिए भी इस पोर्टल पर रजिस्टर किया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि कोरोना से संबंधित कोई लक्षण हैं तो तुरंत प्रभाव से अपना कोरोना टेस्ट करवाया जाए ताकि संक्रमण का फैलाव किसी भी रूप से न हो। उन्होंने कोरोना वैक्सिनेशन अभियान को निरंतर बनाए रखते हुए 45 साल से अधिक आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण करने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही बताया कि एक मई से 18 साल से अधिक आयु वर्ग के हर व्यक्ति को वैक्सिन दी जाएगी।

गुरुग्राम प्रशासन पूरी तरह से सतर्क .


डीसी डॉ यश गर्ग ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। जिला में सरकार के निर्देशानुसार कोरोना की सैंपलिंग, कांटेक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने के साथ ही आमजन को निरंतर एडवाइजरी से जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए जारी की गई एडवाइजरी की अनुपालना प्रभावी रूप से की जाए। किसी भी रूप से लापरवाही न बरती जाए क्योंकि सजगता व सावधानी ही कोरोना से बचाव का सशक्त माध्यम है। ऐसे में मास्क का उपयोग, एक दूसरे से उचित शारीरिक दूरी बनाकर रखना व साबुन से हाथ धोने की प्रक्रिया को अपने दैनिक जीवन में व्यवहार में शामिल किया जाए।

Table of Contents

You cannot copy content of this page