“मोरनी में हरियाणा साहसिक खेल अकादमी का गठन”

Font Size

चंडीगढ़:   हरियाणा के पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए मोरनी क्षेत्र में हरियाणा साहसिक खेल अकादमी खोली जाएगी। इसके संचालन के लिए एक सोसायटी का गठन किया जा चुका है।
श्री शर्मा ने आज यह जानकारी विधायक लतिका शर्मा द्वारा विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सदन को दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित साहसिक गतिविधियों जैसे कैंपिंग,टै्रकिंग आदि के लिए मोरनी में उपयुक्त स्थलों के चुनाव का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मोरनी क्षेत्र को पहले से ही एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया गया है। हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा मोरनी में ‘माउंटेन क्वैल’ नाम से एक सुव्यवस्थित पर्यटन परिसर चलाया जा रहा है।

 

इसमें अतिथि कक्ष,रेस्तरां,लॉबी,सिटआऊट टैरेस,सम्मेलन कक्ष आदि की सुविधाएं हैं। टिक्करताल में पर्यटन विभाग द्वारा दूसरा पर्यटन परिसर विकसित किया गया है जिसमें कमरे,कैफेटेरिया,भोजन कक्ष,कैंपिंग साइट,मनोरम पहाड़ों को निहारने के लिए ‘व्यूइंग डैक’ की सुविधा भी उपलब्ध है।
पर्यटन मंत्री ने आगे जानकारी दी कि वन विभाग हरियाणा द्वारा मोरनी किले में एक प्राकृतिक संग्रहालय एवं जागरूकता केंद्र(नेचर म्यूजियम एवं अवेयरनैस सैंटर) विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र की जैव विविधता को बचाने के लिए और उसे संवर्धित करने के लिए मोरनी में एक विश्व हर्बल वन बनाने का कार्य पतंजलि अनुसंधान संस्थान,हरिद्वार के तकनीकी मार्गदर्शन में किया जाना प्रस्तावित है।

You cannot copy content of this page