राज्यस्तरीय बाल महोत्सव 2019 का आयोजन गुरुग्राम में 19 से 23 दिसंबर तक: कृष्ण ढुल

Font Size

-हरियाणा बाल कल्याण परिषद की ओर से महोत्सव का होगा आयोजन

-स्थल किंगडम आॅफ ड्रीम्स में बच्चों के लिए निशुल्क एंट्री होगी

-बच्चों के मनोरंजन व खानपान के भी होंगे विशेष इंतजाम

गुरुग्राम। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वावधान में राज्य स्तरीय बाल महोत्सव-2019 का आयोजन 19 से 23 दिसंबर तक गुरुग्राम के सेक्टर -29 स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स में किया जाएगा। बाल महोत्सव 2019 का थीम ड्रीम कम ट्रू रखा गया है। महोत्सव में बच्चों की चार ग्रुपों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के महासचिव कृष्ण ढुल ने गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस बाल महोत्सव में प्रदेश के राज्यपाल सत्यनारायण आर्य, मुख्यमंत्री मनोहरलाल सहित केंद्रीय मंत्री व अलग-अलग दिनों में प्रदेश मंत्रीमंडल के सदस्य भी भाग लेंगे। इसके अलावा हरियाणा की पृष्ठभूमि से जुड़े बालीवुड कलाकार व खेल जगत की नामी हस्तियां भी शिरकत करेंगी। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में बच्चों के मनोरंजन के लिए खासे इंतजाम होंगे, जिसमें भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, कई प्रकार के झूले, घोड़े व ऊंट की सवारी, कठपुतली का खेल व विभिन्न प्रकार के बच्चों के मनपंसद खानपान की वस्तुएं भी उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही बच्चों के लिए इस महोत्सव में उपहार भी रखे गए हैं, जो उन्हें निशुल्क दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बाल महोत्सव में बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बच्चे अपने अभिभावकों के साथ आकर बाल महोत्सव का भरपूर आनंद उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष राज्यस्तरीय बाल महोत्सव का आयोजन रोहतक में किया गया था, जोकि काफी सफल व आकर्षक रहा था। उस कार्यक्रम में करीब 2 से 2.5 लाख बच्चों ने महोत्सव का लुफ्त उठाया था। इस बार भी प्रयास रहेगा कि गुरुग्राम में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय बाल महोत्सव में प्रदेश के सभी जिलों खासकर गुरुग्राम से लगते जिलों से भारी संख्या में बच्चों की भागीदारी रहे। इसके लिए परिवहन सहित अन्य इंतजाम किए गए हैं। सभी स्कूलों को इस महोत्सव का निमंत्रण पहले ही भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में थीम के अनुसार इस बात का ध्यान रखा गया है कि जिन बच्चों ने सपना देखा था कि वे मेले में जाएं तथा मनपसंद खिलौने आदि खरीद सकें। इसके अलावा झूलों आदि का लुफ्त उठाएं, इन सभी बातों के मद्देनजर परिषद द्वारा बच्चों के सपनों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूरदराज से आने वाले बच्चों के लिए परिषद द्वारा मौसम के अुनसार गुरुग्राम में ही ठहरने की विशेष व्यवस्था की जाएगी। मेले में आने वाले बच्चों के लिए खानपान के भी विशेष इंतजाम जैसे- कैंडी फ्लॉस, मूंगफली, बुढिया के बाल, चना तथा उनके मनपसंद चीजों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों को महोत्सव में रिस्ट बैंड, टोपी तथा गुब्बारे भी निशुल्क वितरित किए जाएंगे।
इस अवसर पर बच्चों के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी इस प्रतियोगिता के लिए बच्चों के चार ग्रुप बनाए गए हैं। पहला ग्रुप कक्षा पांचवी तक के बच्चों का होगा जबकि दूसरे ग्रुप में कक्षा छठी से कक्षा 8वीं तक के बच्चे भाग ले सकते हैं। इसी प्रकार तीसरे ग्रुप में कक्षा नौवीं व दसवीं के विद्यार्थी तथा चैथे ग्रुप में कक्षा 11वीं व 12वीं के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि 5 दिनों तक चलने वाले बाल महोत्सव में सोलो डांस, ग्रुप डांस, सोलो सॉन्ग, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग ,रंगोली, फैंसी ड्रेस, कार्ड मेकिंग, फेस पेंटिंग, बेस्ट ड्रामेबाज, थाली डेकोरेशन , कैंडल व दीया डेकोरेशन आदि सहित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर मंडल बाल कल्याण अधिकारी अमरनाथ नरवाल, बाल कल्याण अधिकारी सरोज मलिक, जिला बाल कल्याण अधिकारी नरेंद्र मलिक, वीरेंद्र यादव, कमलेश शास्त्री एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page