लोकसभा चुनाव: 52 सीटों पर सिमटी कांग्रेस, राहुल से छिनी अमेठी सीट, लेकिन रिकॉर्ड वोटों से जीते वायनाड

Font Size

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने जीत का परचम लहराया है। पूरे देश में चली पीएम मोदी की लहर के बाद बीजेपी ने 300 का आकंड़ा पार कर लिया है। वहीं कांग्रेस सिर्फ 52 सीटों पर ही सिमट गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं।

इतना ही नहीं इस बार कांग्रेस के हाथ से उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट भी निकल गई है। यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हरा दिया है। हालांकि राहुल गांधी ने केरल की वायनाड सीट से रिकॉर्ड जीत हासिल की है।

लोकसभा चुनावों में उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में ‘मोदी लहर’ को दरकिनार करते हुए कांग्रेस ने पंजाब की कुल 13 लोकसभा सीटों में से 8 पर जीत दर्ज की है। साल 2014 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को पंजाब में महज तीन सीटें मिली थीं। अकाली दल-भाजपा गठबंधन को चार सीटें और आम आदमी पार्टी को सिर्फ एक सीट मिली है।

असम की 14 लोकसभा सीटों में से बीजेपी ने सात सीटों पर जीत हासिल कर ली है और दो अन्य सीट पर वह बढ़त बनाए हुए है। जबकि कांग्रेस ने तीन सीटों और एआईयूडीएफ ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित अमेठी सीट पर बीजेपी उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 55,120 वोटों से जीत की दर्ज की है। स्मृति ईरानी को 468514 वोट मिले जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 41,3394 वोट हासिल हुए हैं। स्मृति ईरानी ने 55,120 वोटों से राहुल गांधी को हराया है।

केरल की कुल 20 लोकसभा सीटों में 18 पर कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने वायनाड सीट पर चार लाख से ज्यादा वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की है। केरल में खाता खोलने की उम्मीद लगाए बैठी बीजेपी को इस बार भी निराशा हाथ लगी।

You cannot copy content of this page