‘दिल्ली मेट्रो रेल’ ने अपना आधुनिक ऐप लांच किया

Font Size

ऐप के माध्यम से उपयोगकर्ता को सबसे छोटे रास्ते की जानकारी मिलेगी

नई दिल्ली : ‘दिल्ली मेट्रो रेल’ मोबाइल ऐप के उन्नत संस्करण का आज यहां शुभारंभ करते हुए आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव तथा डीएमआरसी के चेयरमैन श्री दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि इस ऐप के माध्यम से मेट्रो यात्री, निकटतम मेट्रो स्टेशन, किराया, पहली और आखिरी मेट्रो का समय आदि से संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त कर पाएंगे। पूरे एनसीआर के लोगों के लिए यह मोबाइल ऐप बहुत सुविधाजनक साबित होगा।

इस उन्नत संस्करण में कई नई विशेषताओं को जोड़ा गया है जैसे निकटतम मेट्रो स्टेशन की जानकारी, यात्रियों की प्रतिक्रियाएं, सबसे छोटे रास्ते की जानकारी आदि।

डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. मंगू सिंह ने कहा कि दिल्ली मेट्रो अपनी कार्य प्रणाली में प्रौद्योगिकी जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्राप्त हो सकें। इस ऐप के माध्यम से हम अपने यात्रियों तक सीधे पहुंचेंगे।

ऐप के फीचर्स : 

निकटतम मेट्रो स्टेशनः यात्री अपनी वर्तमान स्थिति से निकटतम मेट्रो स्टेशन की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकता है। गूगल मैप के माध्यम से वह निकटतम मेट्रो स्टेशन तक पहुंच सकता है।

फीडबैकः फीडबैक प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए ऐप में फोटो या जानकारी/ दस्तावेज जोड़ने की सुविधा दी गई है। फीडबैक के अंतर्गत यात्री सुझाव, शिकायत आदि दर्ज कर सकते हैं।

सबसे छोटा रास्ताः नई लाईनों के शुरू होने के बाद किसी स्थान तक पहुंचने के लिए कई रास्ते उपलब्ध हो जाएंगे। ऐसे में इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को सबसे छोटे रास्ते की जानकारी मिलेगी।

यह ऐप आईफोन व एंड्रायड फोन दोनों पर उपलब्ध है। डीएमआरसी की वेबसाइट www.delhimetrorail.com. से भी सीधे डाउनलोड किया जा सकता है।

दिल्ली मेट्रो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कुल 9 रूटों की 288 किलोमीटर लंबी लाइनों पर मेट्रो का संचालन करता है। अभी कुल 208 मेट्रो स्टेशन हैं। आने वाले महीनों में 61 किलोमीटर लंबी नई लाइनें जुड़ जाएंगी। डीएमआरसी सौर ऊर्जा का उपयोग करते हुए 23 मेगावाट बिजली का उत्पादन कर रहा है।

You cannot copy content of this page