किसानों के हित में दादुपुर-नलवी नहर योजना को बंद रखने का निर्णय : कृष्ण बेदी

Font Size

चण्डीगढ़, 1 अक्टूबर :  हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने न्यायालय, वित्त विभाग तथा अन्य कारणों को मद्देनजर रखते हुए दादुपुर-नलवी नहर योजना को बंद रखने का निर्णय लिया है, जिससे किसानों में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1985 में किसानों ने इस नहर को बनाने की मांग की थी लेकिन पिछली सरकारों ने इस पर ईमानदारी से काम नहीं किया जिसके कारण यह आज तक पूरी नहीं हो सकी।

राज्यमंत्री आज शाहाबाद विश्राम गृह में किसानों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर क्षेत्र के किसानों ने मिठाईयां बांटकर व ढोलक बजाकर राज्यमंत्री श्री कृष्ण बेदी व हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल का आभार जताया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में यमुनानगर क्षेत्र के कुछ किसानों ने कोर्ट में केस कर इस परियोजना को रद्द करने की मांग की थी जिस पर न्यायालय ने किसानों के पक्ष में फैसला देते हुए प्रति एकड़ 1 करोड 16 लाख 83 हजार रूपए का मुआवजा देने का फैसला दिया था। इसके विपरीत हरियाणा सरकार किसानों को गजों के हिसाब से मुआवजा देने के पक्ष में थी। दूसरी ओर यह नहर शाहाबाद क्षेत्र में गांव डाडलू, पाडलू, दामली, रावा, जंधेड़ी, त्यौड़ा, त्यौड़ी, ढोलामाजरा, खानपुर जाट्टान, अहमदपुर, कतलाहरी से होते हुए आगे जानी थी लेकिन इसमें अभी काम शेष था और इसके पानी के कारण नजदीकी गांवों में किसानों की फसलों को नुकसान उठाना पड़ता।

उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार किसान हितैषी है और किसानों के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं ला रही है जिससे किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की सब्जियों के न्यूनतम समर्थन मूल्य भी तय किए हैं जिससे किसानों को अपनी फसल का उचित दाम मिलेगा। श्री कृष्ण बेदी ने कहा कि दादुपुर-नलवी नहर कांग्रेस द्वारा खोदा गया खड्डा है और पिछली सरकार ने 10 साल सत्ता में रहने के दौरान किसानों को मुआवजा क्यों नहीं दिया। उन्होने कांगे्रस व इनेलो द्वारा मचाई  जा रही हायतौबा को ढकोसला बताया। उन्होंने कहा कि जितना काम कांग्रेस सरकार ने 10 साल में भी नहीं किया उससे ज्यादा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 3 साल में कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व इनैलो ने प्रदेश को जमकर लूटा है। आज भाजपा सरकार में रोजगार पर्ची से नहीं बल्कि मैरिट से मिल रहे हैं।

उन्होंने जीएसटी के बारे में कहा कि व्यापारी वर्ग इससे खुश है। इस अवसर पर बूटा सिंह झरौली, महल सिंह पाडलु, अमरीक ङ्क्षसह दामली, बूटा सिंह दामली, गुरचरण सिंह, रामचंद्र डाडलू, हरप्रीत पाडलू, नरेंद्र सिंह पाडलू इत्यादि किसानों ने राज्यमंत्री को सिरोपा भेंट कर धन्यवाद किया। इस अवसर पर न.पा. प्रधान बलदेव राज चावला, पार्षद बलदेव राज सेठी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page