दलित महिला कार्यकर्ता के यहाँ भोजन करने पहुंचे अमित शाह , साथ में सीएम मनोहर लाल

Font Size
चंडीगढ़, 4 अगस्त :  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज रोहतक में एक अनुसूचित जाति की एक महिला के घर जाकर दोपहर का भोजन किया। उनके साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा प्रभारी डा. अनिल जैन व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने भी भोजन किया। इस प्रकार से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपनी सादगी की मिसाल पेश की। 
 
 
अमित शाह ने जिस महिला के घर दोपहर का भोजन किया, उसका नाम तारावती चाहर है और वह स्थानीय हनुमान कालोनी की निवासी है। उक्त महिला पार्टी की एक साधारण कार्यकर्ता है। खास बात यह है कि उक्त महिला को दो घंटे पूर्व ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के उनके घर आने की सूचना दी गई थी। सभी नेता उक्त महिला कार्यकर्ता के घर पहुंचे और सभी ने उसके घर पर साधारण तरीके से जमीन पर बैठकर भोजन करके पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को बराबर मान-सम्मान देने का अनूठा उदाहरण पेश किया। उन्होंने दोपहर के भोजन में सादी रोटी, गोभी मेथी की सब्जी, चावल व रायते के साथ-साथ हरियाणवी त्यौहार तीज के अवसर पर खाई जाने वाली स्वादिष्ट मिठाई घेवर का भी आनन्द लिया। 
 
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दोपहर के इस भोजन में उनके साथ भाजपा अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो0 गणेशी लाल, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, सहकारिता राज्य मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, हरियाणा भाजपा के मीडिया प्रभारी राजीव जैन सहित कई पार्टी पदाधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ता के घर दोपहर का भोजन किया। 
 
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि तारावती चाहर पार्टी की कार्यकर्ता है और कई सालों से पार्टी में समर्पित भाव से कार्य कर रही है। दलित परिवार के घर में भोजन करके पार्टी पदाधिकारी ने कोई नया संदेश नहीं दिया बल्कि भाजपा गठन से ही जाति पाति में विश्वास न रखने वाली पार्टी है। पार्टी में सभी कार्यकर्ताओं को बराबर का दर्जा दिया जाता है और बिना भेदभाव के उनके साथ सक्रिय रूप से कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक भावना को ओर अधिक गहरा करने तथा सभी कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान बढ़ाने के लिए इस तरह के मेल-मिलाप एवं भोजन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जो भी कार्यकर्ता पार्टी पदाधिकारियों को सामूहिक रूप से भोजन करने की सहमति जताता है, उसी के निवास पर इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। 
 
सहकारिता राज्य मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष व पार्टी पदाधिकारियों के दोपहर का भोजन करके चले जाने के बाद भी तारावती के घर पर बैठकर उनके परिवार व सगे संबंधियों के साथ भोजन किया। ग्रोवर ने कहा कि पार्टी के साधारण कार्यकर्ता के घर जाकर बड़े नेताओं की एक साधारण कार्यकर्ता की तरह भोजन करने की परम्परा रही है। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि बहुत ही स्वादिष्ट भोजन लेकर पार्टी पदाधिकारी खुश हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह जमीन पर बैठकर पार्टी का वहीं कार्यकर्ता भोजन ग्रहण करता है जो वास्तव में जमीन से जुड़ा हुआ है। 

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page