“37वीं राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा हरियाणा”

Font Size

फरीदाबाद में 27 से 29 मार्च, 2017 तक होगा आयोजन 

चण्डीगढ़ :  हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, जो हरियाणा तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि हरियाणा 37वीं राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है, जिसका आयोजन पहली बार हरियाणा के फरीदाबाद में 27 से 29 मार्च, 2017 तक किया जा रहा है। 

हरियाणा तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष कैप्टन अभिमन्यु ने आज यहां शहीदी दिवस के अवसर पर शहीदों को नमन करने के उपरांत एक प्रैस सम्मेलन को सम्बोंधित करते हुए इस प्रतियोगिता के आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह के एक भाग के रूप मेें इस राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देशभर से 25-30 टीमें भाग लेंगी। 

हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल 27 मार्च को सायं 5.00 बजे इस प्रतियोगिता का उदघाटन करेंगे, जबकि केन्द्रीय राज्य मंत्री  कृष्ण पाल इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसके अतिरिक्त, 29 मार्च, 2017 को समापन अवसर पर सांसद पुनम महाजन प्रतियोगिता में उपस्थित रहेंगी। 

कैप्टन अभिमन्यु ने बताया कि अभी हाल में टाईम्स आफ इंडिया द्वारा मुम्बई में आयोनित कार्यक्रम में हरियाणा को खेलों में सर्वश्रेष्ठ राज्य के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि हरियाणा ने तीरंदाजी में देश में एक बड़ी पहचान कायम की है। इसके अलावा, अन्य खेलों में भी हरियाणा के खिलाडिय़ों ने देश व दुनिया में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा इस वक्त तीरंदाजी में देश में टॉप थ्री राज्यों में आ चुका है। इससे पूर्व भूवनेश्वर में आयोजित 37वीं राष्ट्रीय जूनियर तीरंदाजी चैपियनशिप में राज्य ने शानदार प्रदर्शन किया था। हरियाणा के खिलाडिय़ों ने कुल 12 पदक जीते, जिनमें सात स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार तिरूपति, आंध्र प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कुल 32 पदक जीते, जिनमें 16 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, महाराष्ट्र में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कुल 20 पदक जीते, जिनमें 11 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन करके बच्चों को तीरंदाजी की जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने 5000 बच्चों को इस खेल से जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया है। हरियाणा में तीरंदाजी की बढ़ती लोकप्रियता के दृष्टिगत प्रदेश में 3500 तीरंदाजों का पहले ही पंजीकरण हो चुका है, जो अपना अभ्यास कर रहे हैं। सभी जिलों में तीरंदाजी को बढ़ावा दिया जा रहा है। 

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि खेल हमारी संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा है और हरियाणा सरकार ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई खेल नीति लागू करने के साथ-साथ खिलाडिय़ों के लिए अनेक कल्याणकारी कदम उठाएं हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में तीरंदाजी को और अधिक बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही 21 तीरंदाज कोचों की नियुक्ति भी की जाएगी।   

इस अवसर पर पंचकूला तीरंदाजी संघ के प्रधान दीपक बाल्यान भी उपस्थित थे। 

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page