हरियाणा में टैक्सटाईल पॉलिसी शीघ्र : मनोहर लाल

Font Size

हरियाणा में टैक्सटाईल पॉलिसी शीघ्र : मनोहर लाल 2

गुरुग्राम में आयोजित उत्तराखंड सांस्कृतिक कार्यक्रम -उतरैणी कौतिक-2017

गुरुग्राम। हरियाणा जल्द ही अपनी टैक्सटाईल पॉलिसी बनाने जा रहा है क्योंकि प्रदेश में कपड़ा उद्योग की अपार संभावनाएं हैं। यह घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज गुरुग्राम में आयोजित उत्तराखंड सांस्कृतिक कार्यक्रम -उतरैणी कौतिक-2017 में अपने संबोधन में की। 
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड से संबंध रखने वाले केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय तामता तथा भाजपा के संगठन मंत्री सुरेश भट्ट व  हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह तथा सोहना के विधायक तेजपाल तंवर के साथ उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के समक्ष गुरुग्राम मे रह रहे उत्तराखंडवासियों की तरफ से मांगे रखी गई थी, जिनकी वकालत श्री तामता व श्री भट्ट तथा राव नरबीर सिंह ने भी की थी। उन मांगो का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम से हलदवानी तक बस सेवा शुरू करवाने तथा कुमाऊ भ्रातृ मण्डल के  लिए गुरु ग्राम में एक हज़ार वर्ग गज़ का भूमि का टुकड़ा निगम अथवा हुडा से दिलवाने की घोषणा के साथ उस पर निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 11 लाख रूपये देने का भी ऐलान किया।
मौके का लाभ उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित केन्द्रीय कपड़ा राज्यमंत्री के समक्ष भी अपनी मांग रखते हुए कहा कि श्री तामता कपड़ा मंत्रालय की परियोजनाएं भी हरियाणा मे लेकर आएं। उन्होंने कहा कि हम जल्द ही टैक्सटाईल पॉलिसी बनाने जा रहे हैं क्योंकि अन्य क्षेत्रों की तरह कपड़ा उद्योग के क्षेत्र में भी हरियाणा में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रैस-वे के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और इसके दोनो तरफ बहुत सारी परियोजनाएं शुरू होंगी, उसमें कपड़ा उद्योग से जुड़ी परियोजनाएं भी हो सकती हैं। इन परियोजनाओं में हरियाणा ही नहीं , यहां रह रहे देश के अन्य प्रांतों के लोगों को भी रोज़गार के अवसर मिलेंगे। 
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम को मिलेनियम सिटी बनाने में देश के अन्य प्रांतों तथा विदेशों से यहां आए लोगों के साथ साथ उत्तराखंडवासियों का भी अहम योगदान है। उन्होंने हरियाणा और उत्तराखंड की समानताओं का जिक्र करते हुए कहा कि जिस प्रकार सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है, उसी प्रकार उत्तराखंड के भी काफी संख्या में जवान सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसका मतलब है कि हरियाणा और उत्तराखंड के लोगों की सोच एक समान है। श्री मनोहर लाल ने कहा कि देश की सुरक्षा में हम हरियाणावासी और उत्तराखंडवासी साथ-साथ हैं। उन्होंने याद दिलवाया कि सेना के वर्तमान प्रमुख  जरनल बिपिन रावत उत्तराखंड से संबंध रखते है जबकि सेना के पूर्व अध्यक्ष जरनल दलबीर सिंह सुहाग हरियाणा से थे। 
 
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार अंतर्राज्यीय संबंधो को मजबूत करने के लिए कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उदाहरण के तौर पर कुरूक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव, रोहतक में राष्ट्रीय युवा उत्सव तथा सूरजकुंड में अंतर्राष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया गया ताकि उनमें हम एक दूसरे राज्य की संस्कृतियों, खान-पान, पहनावे, वेश-भूषा आदि को समझ सकें। यही भारत की अनेकता में एकता की भावना को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तराखंड में लखवार व किसाऊ बांध बनाए जा रहे हैं, जहां पर उन्हें पिछले दिनों जाने का मौका मिला। इन दोनों बांधो से उत्तराखंड को बिजली मिलेगी और पानी हरियाणा को भी मिलेगा।
 
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड से उनका पुराना संबंध है, टिहरी जिले में वे लगातार तीन महीने तक रहे हैं। वहां के लोगों का व्यवहार मुग्ध करने वाला है जिसे वे भूल नही सकते। उन्होंने एक संस्मरण सुनाते हुए बताया कि सात लोगों का एक समूह सन् 1999 या 2000 में देवभूमि उत्तराखंड के दर्शन के लिए गया था जिसके वे सदस्य थे और उस समूह का नेतृत्व नरेन्द्र भाई मोदी कर रहे थे। उस समय वहां जाकर  ऐसा लगा जैसे भगवान की गोद में आ गए हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने संघर्ष किया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के समय उत्तराखंड एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्यों से ही हरियाणा जैसे मैदानी इलाकों में पानी की पूर्ति होती है। 
 
इससे पहले केन्द्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय तामता ने कहा कि श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा आज देश का अग्रणीय राज्य बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का 65 प्रतिशत हिस्सा वन क्षेत्र है जहां से पूरे देश को ऑक्सीजन मिलती है और नदियों का पानी भी प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के हर घर से सेना में जवान सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग के क्षेत्र में उत्तराखंड में अभी तक कोई खास काम नही हुआ है लेकिन विश्वास दिलाया कि वहां पर कपड़ा मंत्रालय की योजनाएं लागू की जाएंगी और उत्तराखंड टैक्सटाईल के क्षेत्र में 10वें पायदान पर खड़ा होगा। उन्होंने देश की आजादी में उत्तराखंडवासियों के योगदान का भी स्मरण करवाया। 
 
इस मौके पर हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के विकास में उत्तराखंडवासियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि उनका बचपन कुमाऊ-गढ़वाल में बीता है। उन्होंने 10वीं तक की अपनी पढ़ाई नैनिताल में की है। सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की साख विदेशों मे बढ़ाई है। हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास हो रहा है। भाजपा संगठन मंत्री सुरेश भट्ट ने भी संबोधित किया और बताया कि उतरैणी कौतिक पर्व पर पूरे उत्तराखंड में नदी किनारे मेले लगते हैं। 
कुमाऊ भ्रातृ मंडल के अध्यक्ष केशव दत्त ने कहा कि पहली बार हरियाणा का कोई मुख्यमंत्री या मंत्री उनके कार्यक्रम में शामिल हुआ है। इसके लिए उन्होंने उत्तराखंडवासियों की तरफ से आभार जताते हुए कहा कि इस ऋण को जब भी मौका मिलेगा सभी उत्तराखंडवासी अवश्य चुकाएंगे। 
 
कार्यक्रम में भाजपा संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, केन्द्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय तामता, हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, हरियाणा डेयरी विकास प्रसंघ के चेयरमैन जी एल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान, जिला महामंत्री मनोज शर्मा, पूर्व पार्षद सुभाष सिंगला व मंगत राम बागड़ी, जिला मंत्री योगिता धीर, कुमाऊ भ्रातृ मंडल के अध्यक्ष केशव दत्त शर्मा, सचिव देवेन्द्र नेगी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। 

You cannot copy content of this page