सर छोटू राम की प्रतिमा का अनावरण पीएम मोदी करेंगे : चौ. बीरेंद्र सिंह

Font Size
चण्डीगढ़। केन्द्रीय इस्पात मंत्री बीरेन्द्र सिंह ने कहा कि सर छोटू राम प्रतिमा का अनावरण जल्द से जल्द प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से करवाया जाएगा।
यह जानकारी आज उन्होंने रोहतक में सर छोटू राम के सांपला स्थित स्मारक पर 100 फीट के तिरंगे का ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान दी। इस कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने बटन दबा कर झंडे का ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उचाना की विधायक प्रेमलता भी उपस्थित थी।
केेन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रधानमंत्री से समय लेकर छोटू राम की मूर्ति का अनवारण करते हुए आमजन को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे केवल एक व्यक्ति भर नहीं थे अपितु एक विचारधारा थे। उन्होंने ऐसे समय में किसान, मजदूर और आम आदमी को जागरूक करने का कार्य किया, जिस समय वे साहूकारों के कर्ज से दबे हुए थे और विकल्प बहुत सीमित थे। उन्होंने कहा कि इस 100 फीट के तिरंगे का ध्वजारोहण छोटू राम की प्रतिमा के बगल में करके आज सही मायने में उनको सच्ची श्रद्धांजलि दी गई है।
केन्द्रीय मंत्री ने इस मौके पर जानकारी देते हुए कहा कि 100 फीट की उंचाई वाले इस तिरंगे के रख रखाव का जिम्मा नगर पालिका, सांपला को सौंपा गया है।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि आज सरकार ने जो बेटी बचाओ बेटी-पढाओ का अभियान चलाया है उसे सर छोटू राम ने उस जमाने में शुरू कर दिया था जब बेटियों को स्कूल भेजने में आमजन संकोच करता था। सामाजिक तौर पर इसे सही नहीं माना जाता था। आज हम सर छोटू राम द्वारा बेटियों को समाज में उचित मान सम्मान दिलाने के लिए चलाई गयी उस मुहीम का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने सर छोटू राम को याद करते हुए कहा कि वे सही मायने में देशभक्त थे।
उन्होंने हमेशा गरीबों और किसानो के हितों के लिए कार्य किया। इसीलिए उन्हें इनके मसीहा के तौर पर जाना जाता है। केवल जमींदार और किसान ही छोटूराम का लोकहित में किये गए कामों का कर्जदार नहीं है बल्कि उन्होंने पूरे समाज और दबे कुचले लोगों को सिर उठाकर जीने की प्रेरणा दी। इसके लिए हम सब और पूरा समाज उनका सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से छोटूराम के पदचिन्हों पर चलते हुए कर्मशील बनने की अपील की। मंत्री राव नरबीर सिंह ने 21 लाख रूपये छोटू राम ट्रस्ट को देने की घोषणा की

You cannot copy content of this page