प्रॉपर्टी टैक्स नहीं देने वाले 25 प्लाटों की वीरवार को होगी नीलामी

Font Size

नीलामी के भय से 46 डिफाल्टरों में से 28 ने करवाई हाउस टैक्स जमा 

गुरुग्राम, 26 दिसम्बर। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा संपत्तिकर की अदायगी नहीं होने की सूरत में डिफॉल्टर संपत्तियों की नीलामी वीरवार, 28 दिसम्बर को प्रात: 11 बजे की जाएगी। नीलामी की प्रक्रिया सैक्टर-29 स्थित हुडा जिमखाना क्लब में होगी।
    इस बारे में जानकारी देते हुए नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त वी. उमाशंकर ने बताया कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 के तहत नगर निगम सीमा में स्थित सभी प्रकार के भवनों और खाली प्लाटों का संपत्तिकर जमा करवाना अनिवार्य है। संपत्तिकर की अदायगी नहीं होने की सूरत में संबंधित संपत्ति को सील एवं अटैच करके उसकी नीलामी के माध्यम से संपत्तिकर की वसूली की जाएगी। 
– 46 संपत्तियों का जमा हुआ संपत्तिकर : निगमायुक्त ने बताया कि नगर निगम गुरूग्राम द्वारा 101 संपत्तियों की नीलामी करने के लिए विभिन्न समाचार पत्रों में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित करवाई गई थी। प्रकाशन के बाद 46 संपत्ति मालिकों ने संपत्तिकर की अदायगी कर दी है। इसके अलावा, 28 संपत्ति मालिकों ने आपत्तियां दर्ज करवाई हैं तथा 2 संपत्तियां डिस्प्यूटिड पाई गई हैं। इस प्रकार शेष बची 25 संपत्तियों की नीलामी वीरवार को की जाएगी। नीलामी तिथि तक जो संपत्ति मालिक अपना संपत्तिकर जमा करवा देंगे, उनकी संपत्ति को नीलामी सूची से हटा दिया जाएगा।
– नीलामी संबंधी सूची नगर निगम गुरूग्राम की वैबसाईट पर उपलब्ध : श्री उमाशंकर ने बताया कि नीलाम की जाने वाली संपत्तियों की सूची नगर निगम गुरूग्राम की वैबसाईट www.mcg.gov.in पर उपलब्ध है। सूची देखने के लिए नगर निगम गुरूग्राम की वैबसाईट पर बने ‘न्यूज एंड इवैंट’ लिंक पर क्लिक करें। 

नगर निगम आयुक्त ने नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने वाले व्यक्तियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में नीलामी प्रक्रिया में शामिल हों।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page