संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत- स्वच्छ जल स्वच्छ मन’ के तहत दमदमा झील हुई साफ

Font Size


झील की सफाई बहुत ही सराहनीय सेवा – विधायक संजय सिंह

गुरुग्राम, 26 फरवरी । संत निरंकारी मिशन द्वारा आजादी के 75वें ‘अमृत महोत्सव’ के अवसर पर सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के पावन आशीर्वाद से आज प्रोजेक्ट अमृत ‘स्वच्छ जल स्वच्छ मन’ का देश भर में शुभारम्भ किया गया।
गुरुग्राम की दमदमा झील पर संत निरंकारी मिशन की कार्यकारिणी के सदस्य जोगिंदर मनचंदा ने सतगुरु का आशीर्वाद देते हुए इसका शुभारंभ किया। उनके साथ सोहना के विधायक संजय सिंह, दमदमा के सरपंच किरणपाल, अभय पुर के सरपंच स्वामी राम, सराय के सरपंच आदि भी उपस्थित रहे। गुरुग्राम सहित आसपास की ब्रांचों के मुखी रजवंत गिल, चंद्रभान गुप्ता, कंवर सिंह यादव, पीसी स्नेही, डॉक्टर सतीश कुमार सहित राजीव नागपाल एवं निरंकारी मिशन के अनेकों सेवादारों ने बढ़-चढ़कर इस सफाई अभियान में अपना योगदान दिया।

संत निरंकारी मिशन द्वारा 'प्रोजेक्ट अमृत- स्वच्छ जल स्वच्छ मन' के तहत दमदमा झील हुई साफ 2


उन्होंने कहा कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी द्वारा समाज कल्याण हेतु जीवन पर्यन्त अनेक कार्य किये गये। वर्ष 1994 से लगातार स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चल रहे हैं। उन्हीं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष संत निरंकारी मिशन द्वारा निरंकारी सत्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशन में ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल तो हर कोई कर सकता है मगर स्वच्छ मन केवल सतगुरु ही कर सकता है। सभी सतगुरु के भक्त है इसलिए यहां पर सभी ने स्वच्छ मन से जल को स्वच्छ करना है और यह कूड़ा किसने फैलाया है इसके लिए किसी प्रकार की मन में मैल नहीं लानी है।

संत निरंकारी मिशन द्वारा 'प्रोजेक्ट अमृत- स्वच्छ जल स्वच्छ मन' के तहत दमदमा झील हुई साफ 3


विधायक संजय सिंह ने सोहना विधानसभा क्षेत्र की ओर से निरंकारी मिशन के सेवादारों और साधसंगत का अभिनंदन किया। आजादी के अमृत महोत्सव में प्रोजेक्ट अमृत के तहत किए जा रहे जलाशयों की सफाई के लिए संत निरंकारी मिशन की इस अनमोल सेवा कार्य की बहुत प्रशंसा की। उन्होंने निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के दिव्य दर्शनों व वचनों और निरंकारी कॉलेज सोहना के अपने विद्यार्थी काल का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अपने लिए तो सभी अच्छा कार्य करते हैं, परंतु संत निरंकारी मिशन समाज कल्याण में भी बेहतर सेवा कर रहा है। संत निरंकारी मिशन द्वारा किए जा रहे जन कल्याण के कार्य बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने सोहना क्षेत्र की इस दमदमा झील को सफाई के लिए चुनने के लिए भी निरंकारी मिशन का आभार व्यक्त किया।

संत निरंकारी मिशन द्वारा 'प्रोजेक्ट अमृत- स्वच्छ जल स्वच्छ मन' के तहत दमदमा झील हुई साफ 4


आज दमदमा झील को प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक गुरुग्राम, सोहना, घामडोज, पटौदी, पालम विहार, चक्करपुर आदि से हजारों निरंकारी भक्तों द्वारा झील तथा उसके आसपास के क्षेत्र में सफाई की गई। झील व आसपास से बड़ी मात्रा में एकत्र किए गए कूड़े को ट्रैक्टर ट्रॉलियों एवं पिकअप के माध्यम से डंपिंग यार्ड में भेजा गया। स्वच्छता का परिणाम देखने को मिला कि जहां पर कुछ घंटे पहले बहुत ही कूड़ा करकट था, वहां पर साफ सफाई के बाद वातावरण स्वच्छ व प्रांगण सुंदर नजर आने लगा।


संत निरंकारी मिशन के कार्यकारिणी सदस्य जोगिन्दर मनचंदा ने बताया कि आज ही के दिन प्रोजेक्ट अमृत संपूर्ण भारतवर्ष के लगभग 1100 से अधिक स्थानों के 730 शहरों, 27 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में विशाल रूप से आयोजित हुआ है।
प्रायः प्राकृतिक जल निकायों वाले क्षेत्रों में पाया जाने वाला प्लास्टिक कचरा, अपशिष्ट पदार्थ, झाड़ियाँ, अपशिष्ट खाद्य पदार्थों को हटाकर झील के किनारों की सफाई मिशन स्वयंसेवकों द्वारा की गई। इसके अतिरिक्त आने जाने के रास्तों की सफाई और आसपास के क्षेत्रों में घूमने फिरने वाले स्थानों को सुंदर किया गया।

जल संरक्षण और जल के महत्व के बारे में संदेश भी दिए गए। इस प्रोजेक्ट से पर्यावरण संतुलन, प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता हेतु किया जाने वाला यह प्रंशसनीय एवं सराहनीय प्रयास है। वर्तमान में हम ऐसी ही लोक कल्याणकारी परियोजनाओं को क्रियान्वित रूप देकर अपनी इस सुंदर धरती को हानि से बचा सकते है। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के दोहन पर भी रोक लगाई जा सकती है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण तथा इसके बचाव हेतु अपनायी जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की योजनाओं को क्रियान्वित रूप देना है।

You cannot copy content of this page