भाजपा के यूपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बोले :  यूपी में निगम, बोर्डों में खाली पद जल्द भरे जायेंगे

Font Size

लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। संगठन की गतिविधियों को समझने के लिए उन्होंने दौरे भी शुरू कर दिए हैं। उनका कहना है कि कार्यकर्ताओं के हित सर्वोपरि हैं उनके अथक परिश्रम से ही परिणाम मिलता है। उन्हें इसका मूल्य मिलेगा। तमाम बोर्डों और निगमों में जो पद खाली हैं उन्हें भरने की प्रकिया शुरू की जाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि निगम, बोर्डों, निगमों और आयोगों में जो पद खाली पड़े हैं उन पर कार्यकर्ताओं का समायोजन जल्द होगा। यह विषय पार्टी के संज्ञान में है। हमारे पास इसकी सारी सूची है। कार्यकर्ताओं का सारा डेटा संगठन के पास है। इसका होमवर्क भी है। इस बारे में सामूहिकता के साथ मिल-बैठकर निर्णय किया जाएगा। सूची सरकार को मनोनयन के लिए भेजी जाएगी। यह बहुत महत्वपूर्ण विषय है। जल्द ही इस विषय को हल कर लिया जाएगा।

वहीं, लोक सभा चुनाव से पहले होने वाले निकाय चुनाव के लिए टिकट वितरण नीति के सवाल पर भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी में किसी भी तरह के परिवारवाद को बढ़ावा नहीं दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि समय आने पर इस बारे में फैसला लिया जाएगा कि नगर निकाय चुनाव में सांसद, विधायकों के परिवार के किसी सदस्य को टिकट दिया जाएगा या नहीं। लेकिन, भूपेन्द्र सिंह ने इशारों ही इशारों में ये संकेत जरूर दे दिया कि जरूरत पड़ी तो पार्टी नरम रवैया अपना सकती है।

You cannot copy content of this page