भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विपक्ष पर बरसे शाह

Font Size

कहा , नोट्बंदी से गरीबों ने विपक्ष का साथ छोड़ा 

विधान सभा चुनाव में सर्जिकल स्ट्राइक व नोट्बंदी दोनों मुद्दे रहेंगे 

नई दिल्ली : भाजपा  के राष्ट्रिय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि पार्टी ने अब कांग्रेस और अन्य दलों का ‘गरीब समर्थक’ होने का दावा उनसे छीन लिया है। उन्होंने दावा किया है कि देश के गरीब अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन कर रहे हैं। चार राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शाह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नियंत्रण रेखा के पार लक्षित हमले के साथ साथ नोटबंदी का मुद्दा भी पार्टी के लिए प्रचार के विषय होंगे। उन्होंने दोनों मामले को ‘ऐतिहासिक’ होने की संज्ञा दी और कहा कि नोटबंदी के निर्णय के परिणामस्वरूप और अधिक राजस्व प्राप्त होंगे, इसे गरीबों के कल्याण की योजनाओं पर खर्च किया जाएगा।

 

श्री शाह पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्वागत संबोधन कर रहे थे. उन्होंने नोटबंदी की आलोचना करने वाले अपने प्रतिद्वंद्वियों पर जमकर निशाना साधा. भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वे पहले सवाल करते थे कि सरकार ने कालेधन के खिलाफ क्या किया है और वे अब पूछ रहे हैं कि उसने ऐसा निर्णय क्यों किया।

 

उन्होंने कहा, अब वे बेनकाब हो गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भाजपा सभी पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करेगी। शाह ने गत वर्ष सितम्बर में कोझीकोड में आयोजित भाजपा की पिछली राष्ट्रीय कार्यकारिणी का उल्लेख करते हुए कहा कि उसके नेताओं ने तब उरी आतंकवादी हमले का दर्द महसूस किया था।

 

उनका कहना था कि भारत ने पहली बार ऐसे लक्षित हमले को अंजाम दिया। पूरे विश्व ने भारत की ताकत की प्रशंसा की। वह महान बहादुरी का एक उदाहरण था। यह लक्षित हमला आतंकवाद को भारत का जवाब है। भाजपा ने हमेशा ही आतंकवाद के खिलाफ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की अपनी नीति की बात की है और अब तदनुरूप कार्य किया है।

 

उन्होंने नोटबंदी को भी एक साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय बताया. उनके अनुसार लोगों ने देश की दिशा बदलने और गरीबों का भाग्य बदलने के लिए हमें वोट दिया था। वे चाहते थे कि हम गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू करें और उनके लिए और कदम उठायें। इसी कारण से लोगों ने इसकी प्रशंसा की है और गरीब इसका समर्थन कर रहे हैं।’

 

उन्होंने कहा कि विभिन्न्न सर्वेक्षणों में इस कदम को जनता का जबर्दस्त समर्थन दिखा है। उन्होंने कहा कि इसने विपक्ष को परेशान कर दिया है। शाह ने कहा कि विपक्ष बेनकाब हो गया है और उसे समझ में नहीं आ रहा कि क्या करे क्योंकि ऐतिहासिक कारणों से कुछ दलों को वरीयता देने वाले गरीब अब मोदी और भाजपा का समर्थन कर रहे हैं. उनका दावा है कि गरीब समर्थक मुद्दा इन दलों से छिन गया है। शाह के संबोधन के बारे में संवाददाताओं को केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया है कि दोनों निर्णयों का इतिहास में सकारात्मक उल्लेख होगा।

You cannot copy content of this page