चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी हरियाणा ने आज पंचकूला एवं सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए मेयर और पार्षद के चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी. साथ ही दोनों ही नगर निगमों में जननायक जनता पार्टी के साथ गठबंधन होगा. पंचकूला में चार सीटों पर जेजेपी चुनाव लड़ेगी जबकि सोनीपत में 5 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. इस बात की पुष्टि हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने की .
पार्टी ने पंचकूला नगर निगम के लिए अपने 16 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है जबकि 4 सीटों पर जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार लड़ेंगे। इस नगर निगम के लिए भाजपा ने मेयर पद के लिए कुल भूषण गोयल को अपना उम्मीदवार बनाया है।
जिन 4 सीटों पर जननायक जनता पार्टी की उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे उनमें वार्ड नंबर 6, 9, 14 और 18 है।
पार्टी ने सोनीपत नगर निगम के लिए 15 वार्ड के प्रत्याशियों की घोषणा की है। यहां मेयर पद के लिए भाजपा के प्रत्याशी ललित बत्रा होंगे।
सोनीपत नगर निगम में भी भाजपा का जननायक जनता पार्टी के साथ गठबंधन होगा और यहां जेजेपी 5 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेगी। इनमें वार्ड नंबर 5, 6, 17, 18 और 19 शामिल है।

