बिरहा सम्राट हीरालाल यादव का निधन

Font Size

नई दिल्ली। जाने माने भोजपुरी गायक पद्मश्री सम्मान से सम्मानित हीरालाल यादव का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। हीरालाल का निधन आज वाराणसी में हुआ, वह काफी लोकप्रिय भोजपुरी गायक थे, उन्हें बिरहा सम्राट कहा जाता था। वह मुख्य रूप से लोकगीत बिरहा गाते थे। हीरालाल यादव को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया था।

हीरालाल यादव काफी समय से बीमार चल रहे थे, पिछले कई महीनों से वाराणसी के एक प्राइवेट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बता दें कि दो दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हीरा लाल यादव को फोन करके उनके स्वास्थ्य का हालचाल लिया था। आज सुबह करीब 10 बजे हीरालाल यादव ने अपने घर पर अंतिम सांस ली। हीरालाल यादव की पत्नी श्रीमती श्यामा देवी हैं जिनकी उम्र 86 वर्ष है और वह भी काफी समय से बीमार हैं।

हीरालाल यादव को देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री अवॉर्ड से इसी वर्ष जनवरी माह में सम्मानित किया गया था। 2015 में हीरा लाल यादव को उत्तर प्रदेश सरकार ने संगीत के क्षेत्र में हीरालाल यादव के योगदान की वजह से यश भारती सम्मान से नवाजा था। हीरालाल मूलरूप से वाराणसी के हरहुआ ब्लाक के बलवरिया के रहने वाले थे, उनका जन्म चेतगंज स्थित सरायगोवर्धन में हुआ था।

Table of Contents

You cannot copy content of this page