कोयरीडीह बर्ड सेग्चुरी को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा : राहुल कुमार सिन्हा

Font Size

देवघर उपायुक्त ने अधिकारियों की टीम के साथ नौखिल बांध का निरिक्षण

मध्य एशिया व साईबेरिया से  प्रति वर्ष आते हैं हजारों प्रवासी पक्षी 

देवघर :  उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा आज कोयरीडीह का भ्रमण कर वहां अवस्थित नौखिल बांध का अवलोकन किया गया। अवलोकन के क्रम में उपायुक्त ने कहा कि पूरे संथाल परगना में कोयरीडीह (देवघर) एक ऐसी जगह है जहाँ वर्ष में एक बार हजारों प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है। रंग-बिरंगे ये पक्षी मध्य एशिया व साईबेरिया से समूह बनाकर हजारों किलो मीटर की यात्रा तय कर यहाँ आते है और कुछ दिन अपना निवास स्थान यहां के तालाबों में बनाते है.  इसके उपरांत पुनः वापस लौट जाते हैं। इन सुंदर व दुर्लभ पक्षियों की वजह से यह क्षेत्र सैलानियों को अपनी और काफी आकर्षित करता है।

अवलोकन के क्रम में उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि इस क्षेत्र का सही तरीके से सौंदर्यीकरण कर आने वाले दिनों में इसे एक बेहतरीन पर्यटक स्थल के रूप में उभारा जा सकता है। ऐसे में आवश्यकता है कि इस क्षेत्र का जीर्णोद्धार करते हुए इसे विकसित करने का प्रयास किया जाय,  ताकि नैसर्गिक सुन्दरता से परिपूर्ण इस स्थल में प्रवासी पक्षियों को संरक्षण दिया जा सके।

इसके अलावे उनके द्वारा नौखिल बांध को गहरा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उसके चारों ओर चाहरदीवारी, सीढ़ी आदि निर्माण कराकर इसका जीर्णोद्धार किये जाने की बात कही गयी . उन्होंने कहा कि इसके आस-पास के गोचर जमीन का भी उपयोग इस पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने हेतु किया जाय।

साथ हीं उपायुक्त द्वारा कहा गया कि पर्यटन सचिव से बात कर इस क्षेत्र को विकसित करने का प्रस्ताव रखा जायेगा ताकि प्रस्ताव पर विचार कर इसे विकसित करने का कार्य किया जा सके। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभागों से विचार-विमर्श कर कार्य योजना तैयार किये जाने की बात कही।

इस मौके पर उपायुकत  के साथ अपर समाहर्ता अंजनी कुमार दूबे, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, देवघर रजनीश कुमार, अंचल अधिकारी, देवघर जयवर्द्धन कुमार भी उपस्थित थे।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page