कालेधन पर बोलने वाले रामदेव अब दवाई बेच रहे है : जयहिंद

Font Size

आप नेता ने कहा, स्विस बैंकों में 50 प्रतिशन कालाधन बढ़ना भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता

रोहतक : आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि वो कालेधन पर जनता को गुमराह कर रहे है। उन्होंने कहा कि स्विस बैंकों में 50 प्रतिशन कालाधन बढ़ना भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता को दर्शाता है। इस बार पीएम जनता के खातों में पिछली घोषणा से दोगुनी राशि जमा कराने का लोगों को प्रलोभन देकर वोट हथिया सकते है।

जयहिंद ने कहा कि विदेशों के बैंकों में अधिकतर जमा धन भाजपा के पूंजीपति लोगो का है। वे शनिवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने योग गुरू रामदेव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कालेधन पर हर समय बोलने वाले अब दवाई बेचने का धंधा करने में लग गए है। गत दिनों पार्टी के एक नेता द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित किए जाने के प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वो मुंगेरी लाल के हसीन सपने नहीं पालते। मुख्यमंत्री को जनता और विधायक ही तय करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जा रहा है, हरियाणा के 6500 गांवों में से 2000 हजार गांवों में मीटिंग करके आम आदमी पार्टी का जोड़ो अभियान जोर शोर से चलाया जा रहा है। जयहिंद ने दावा किया कि हर बूथ पर पार्टी के 5-5 इंचार्ज नियुक्त होंगे। उन्होंने कहा कि 15 दिन के अंदर लगभग 5000 मीटिंग आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का मुख्य लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी के तोड़ो अभियान, जातिवाद जहर की लहर को समाप्त करना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में अनेक लोक लुभावने वायदे किए थे जिनमें से एक भी वायदा सरकार ने पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में प्रदेश का हर कर्मचारी परेशान है और आंदोलनरत है। जनता बिजली और पानी की कमी से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने पंचायतों को वाईफाई से जोड़ने की जो योजना चालू की थी वो पूरी तरह फ्लाप हो चुकी है और जिन पंचायतों में वाईफाई के कनेक्शन भी नहीं लगे थे उनको बिल भेजे जा रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रतिवर्ष एक लाख नौकरी देने का वायदा किया था लेकिन सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक सरकार केवल 20 हजार ही नौकरी दे सकी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 55 हजार नौकरी भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे और सरकार के पास उसके एवज में 200 करोड़ रूपए जमा हो चुके है लेकिन नौकरी किसी को नहीं मिली।

नवीन जयहिंद ने कहा कि आम आदमी पार्टी संगठनात्मक ढांचा पर फोकस कर रही है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में भी दिल्ली के मॉडल के तर्ज पर चुनाव अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार मूलभूत सेवाएं बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य देने में पूर्णत विफल रही है।

जयहिंद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अधितकर स्कूल व प्राइवेट अस्पताल नेताओं और अधिकारियों के है, वे केवल उन्हें ही प्रमोट करने में लगे रहते है। शिक्षा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ऐसे प्राइवेट स्कूल और अस्पतालों में जाना अधिक पसंद करते है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा खुला दरबार पर्दे के पीछे लगाने का कोई औचित्य नजर नहीं आता।

Table of Contents

You cannot copy content of this page