-विद्यार्थियों को घर से 18-20 किलोमीटर दूर परीक्षा देने जाना पड़ रहा
-घर से दूर परीक्षा देने जाना विद्यार्थियों के लिए बना परेशानी का सबब
-25 फरवरी से शुरू होंगी हरियाणा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं
भिवानी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस उद्योग सैल के चेयरमैन एवं सीएम हरियाणा के पूर्व मीडिया सलाहकार अशोक बुवानीवाला ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के लिए बोर्ड द्वारा 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 18-20 किलोमीटर की दूरी पर परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी हो रही है। इसलिए परीक्षा केंद्र विद्यार्थियों के अपने गांव, अपने घर के निकट ही बनाए जाएं, ताकि उन्हें परीक्षा देने के लिए आने-जाने में परेशानी ना हो।
अशोक बुवानीवाला ने कहा कि सरकारी स्कूलों में ज्यादातर गरीब परिवारों के बच्चे ही पढ़ते हैं। उनके परिवारों में संसाधनों का अभाव होता है। आर्थिक स्थिति भी इतनी सही नहीं होती कि कोई टैंपो, गाड़ी से अपने बच्चों को दूर के परीक्षा केंद्र तक लाने-ले जाने का काम आसानी से कर सके। साथ ही उनके काम-धंधे भी प्रभावित होते हैं। अपने बच्चों को परीक्षा केंद्र पहुंचाने के लिए मजदूरों को मजदूरी छोडऩी पड़ती है। क्योंकि सुबह बच्चों को परीक्षा केंद्र छोडऩा और फिर तीन घंटे बाद लेकर आना भी होता है। ऐसे में उनका समय बर्बाद होता है। हरियाणा बोर्ड को ऐसे बच्चों और उनके परिवारों का भी ख्याल रखना चाहिए, जिनके पास संसाधनों का अभाव है।
अशोक बुवानीवाला ने कहा कि 12वीं कक्षा के परीक्षा केंद्र 18-20 किलोमीटर दूर बनाकर बच्चों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। बेटियों को तो और अधिक परेशानी इतनी दूर जाने-आने में होती है। यह किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चे पढ़ाई कहीं करते हैं और परीक्षा केंद्र कहीं पर दिए जाते हैं। इस पर सरकार और बोर्ड को बिना देरी किए नजदीक परीक्षा केंद्र बनाने का निर्णय लेना चाहिए। अशोक बुवानीवाला ने कहा कि अगर छात्रों के गांव, कस्बे में घर के निकट ही नहीं तो कम से कम पांच किलोमीटर के दायरे में ही परीक्षा केंद्र बनाए जाने चाहिए। बोर्ड ने खुद यह घोषणा की थी कि छात्रों के गांवों में ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगें। इसके बाद भी हजारों छात्र अपने गांवों से दूर जाकर परीक्षा दे रहे हैं। उनकी समस्या पर बोर्ड गंभीर नहीं है।

