मोदी के लिए दो जहाज खरीदे गये जबकि किसानों का कर्ज माफ़ करने के लिए पैसे नहीं : प्रियंका गांधी

Font Size

चित्रकूट : कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने आज चित्रकूट में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की सभी बड़ी कंपनियों को बड़े उद्योगपतियों को सौंप दिया . अब न देश में सरकारी नौकरी मिलती है और न ही कंपनियों में . दूसरी तरफ 30 साल तक नौकरी करने के बाद सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाली पेंशन समाप्त कर दी गई.

कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्य प्रदेश में पिछली बार जब आपने कांग्रेस की सरकार चुनी थी, तब भी हमने किसानों के कर्ज माफ किए थे। राजस्थान, छत्तीसगढ़ में हम किसानों के कर्ज माफ कर रहे हैं और यहां भी कांग्रेस की सरकार बनते ही हम किसानों के कर्ज माफ करेंगे। मोदी जी ने बड़ी-बड़ी सरकारी कंपनियां अपने उद्योगपति मित्रों को सौंप दी हैं और पेंशन स्कीम बदल दी है। उन्होंने कहा कि अब तो आपको यह भी नहीं पता कि आपकी पेंशन का पैसा आपको मिलेगा या नहीं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज कर्मचारी BJP सरकार से पुरानी पेंशन मांग रहे हैं, खुद का पैसा मांग रहे हैं… लेकिन सरकार कहती है- हमारे पास पैसे नहीं हैं। वहीं, जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां पुरानी पेंशन लागू है।

कांग्रेस महासचिव ने कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी सरकार कहती है- किसानों का कर्ज माफ करने के लिए पैसा नहीं है। लेकिन फिर PM मोदी अपने लिए 16 हजार करोड़ रुपए के 2 हवाई जहाज खरीद लेते हैं। ये पैसे उनके पास कहां से आए… वे तो खुद को फकीर कहते हैं।

 

शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार आवास का पैसा नहीं देती है। वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने वादा किया है कि सरकार बनते ही लोगों के लिए आवास बनाएंगे। इसलिए आप अपना वोट सही जगह दीजिए।

उन्होंने कहा कि चित्रकूट की यह धरती भगवान श्री राम की तपोभूमि है। यह एक धार्मिक और सांस्कृतिक भूमि है। चित्रकूट के बारे में मैंने पहली बार इंदिरा जी से सुना था, उसके बाद मैं कई बार यहां आ चुकी हूं। यूपी में चुनाव था तब भी यहाँ आई थी और इस इलाके की समस्याओं के बारे में मैं अच्छी तरह जानती हूँ .

You cannot copy content of this page