सामाजिक सद्भाव कायम रखने व कुरीतियों से लड़ने में शिक्षा सबसे बड़ा हथियार: मूलचंद शर्मा

Font Size

परशुराम जयंती पर बोले परिवहन मंत्री हरियाणा


गुरुग्राम, 09 मई। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने व सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा कि आज के मौजूदा परिवेश में यदि आप शिक्षित है तो आप हर समस्या का मजबूती के साथ सामना कर सकते हैं। श्री शर्मा रविवार को गुरुग्राम में भगवान परशुराम जयंती के अवसर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्याथिति संबोधित कर रहे थे। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह कार्यक्रम बसई रोड स्थित भगवान परशुराम भवन में आयोजित किया गया था।


परिवहन मंत्री ने भगवान परशुराम की फ़ोटो के समक्ष दीप प्रज्वलित करने उपरान्त अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम ने अपने युग में समाज के अपराधियों का नरसंहार कर समाज को दिशा दिखाने का कार्य किया था। उन्होंने कहा कि हजारों सालों के परिवर्तन के दौर के बाद आज समाज मे फैली कुरीतियों व समस्याओं के निवारण में शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है। श्री शर्मा ने कहा कि देश के इतिहास में सामाजिक सद्भाव को कायम रखने व आर्थिक उन्नति के लिए ब्राह्मण समाज ने सदैव समाज को दिशा दिखाने का कार्य किया है लेकिन आज यह जिम्मेदारी अभिभावकों की है वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा व अच्छे संस्कार देकर उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक बनाएं।


श्री शर्मा ने कहा कि आज के इस प्रतियोगी दौर में
शिक्षा हमें अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। यह हमारे ज्ञान, कुशलता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व में सुधार कर सामाजिक विकास, आर्थिक वृद्धि और तकनीकी उन्नति का रास्ता प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभावों की कमी नही है। बस जरूरत है उनके उचित मार्गदर्शन की। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि यदि आपके आस पड़ोस में कोई मेधावी विद्यार्थी है और उसे आपके मार्गदर्शन की आवश्यकता है तो आप स्वयं पहल करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने में उसकी सहायता अवश्य करें।


श्री शर्मा ने कहा कि आज प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सभी हलकों में समान विकास हो रहा है। हरियाणा की युवा शक्ति को शैक्षणिक प्रक्रिया में डिजिटल रूप से मजबूत करने के लिए ई अधिगम योजना के तहत आज प्रदेश में 5 लाख बच्चों को निशुल्क टेबलेट दिया जा रहा है। वहीं ग्रामीण अंचल की बेटीयों को फ्री बस पास की सुविधा देने के साथ ही शिक्षा से जुड़ी विभिन्न प्रकार की योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।

You cannot copy content of this page