प्रियंका गांधी को जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Font Size

बस्ती, 19 अप्रैल। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को ट्विटर पर किए गए एक पोस्ट में गोली मारने की धमकी देने के मामले में बस्ती की कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल रामपाल यादव ने बताया कि आईपीसी की धारा 506 व 66 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच इंस्पेक्टर देवनन्दन उपाध्याय को सौंपी गई है।

सोनहा थाना क्षेत्र के कोठिला निवासी पंकज कुमार द्विवेदी ने तहरीर में बताया है कि आरती पांडेय के नाम से ट्वीटर आईडी है। आईडी से प्रियंका गांधी स्तर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे गए पत्र से संबंधित न्यूज को ट्वीट किया गया था। इस ट्वीट के कमेंट में आईडी आरती पांडेय नाम की यूजर ने प्रियंका गांधी को गोली मारने की धमकी दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी तरह पांच बार विधायक व चौधरी बंसीलाल की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता करण सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। करण सिंह दलाल ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दी है। कैंप थाना पुलिस ने पूर्व विधायक के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। साथ ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी। करण सिंह दलाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समधी है।

पूर्व विधायक ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर 16 अप्रैल को दोपहर 12 बजकर 54 मिनट पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि पूर्व विधायक को जान से मारने की धमकी भी दी। उनका कहना है कि जिस मोबाइल नंबर से कॉल आई है, वह विदेशी नंबर मालूम हो रहा है। उन्होंने पुलिस में शिकायत देकर आरोपी की तुरंत खोजबीन करने की मांग की। पुलिस उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण ने मुकदमा दर्ज कर उक्त नंबर की जांच शुरू करा दी गई है।

You cannot copy content of this page