कांग्रेस ही नहीं विपक्षी दलों के नेताओं को भी अब राहुल गांधी में करिश्माई नेतृत्व दिखने लगा

Font Size

तीन राज्यों में जीत को राहुल की 82 जनसभाओं का परिणाम बताया

सुभाष चौधरी

नई दिल्ली । मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय पार्टी के नेता अपने अध्यक्ष राहुल गांधी को दे रहे हैं बल्कि विपक्ष के अन्य दलों के नेताओं ने भी उनके नेतृत्व के कसीदे कढने शुरू कर दिए हैं। राहुल गांधी ने चुनाव वाले पांचों प्रदेशों में कुछ हफ्तों के भीतर 82 सभाएं और सात रोड शो किए थे। आज के चुनावी परिणाम को तीनों राज्यों में उनके ताबड़तोड़ दौरे का ही परिणाम बताया जा रहा है। विपक्ष को भी अब उनमें करिश्माई व्यक्तित्व दिखने लगा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय राहुल गांधी को देते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में भरोसा जताया है।

राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा, ‘‘आज के ही दिन एक साल पहले राहुल गांधी जी कांग्रेस अध्यक्ष बने थे।’’

कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक गहलोत का कहना है कि इन चुनावों में खासकर राजस्थान में पार्टी के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय राहुल गांधी के नेतृत्व को जाता है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान से जुड़े पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक, राहुल गांधी ने 7 अक्टूबर को चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने के बाद सबसे अधिक 25 जनसभाएं मध्य प्रदेश में कीं। उन्होंने मध्य प्रदेश में 4 रोड शो भी किए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ में 19-19 चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने राजस्थान में 2 और छत्तीसगढ़ में एक रोड शो भी किया।

राजस्थान में कांग्रेस पांच साल बाद सत्ता में वापसी करती दिख रही है। दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 15 वर्षों के बाद भारी बहुमत से सत्ता में वापसी कर रही है।

गांधी ने तेलंगाना में 17 जनसभाएं करके कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे, हालांकि यहां पार्टी को निराशा हाथ लगी।

उन्होंने मिजोरम में 2 सभाएं कीं लेकिन यहां कांग्रेस अपनी सत्ता बचाने में नाकाम रही।

राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों के लिए जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बधाई। उन्होंने कहा है कि जो आवाज उठी है, उसके बाद हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनकी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। हम इन राज्यों में अपने वादे पूरे करेंगे।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने ‘ कहा, ‘‘इस चुनाव का एक बड़ा संदेश यह है कि जनता राहुल गांधी को एक राष्ट्रीय नेता के तौर पर स्वीकार कर रही है। यह आने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के लिए शुभ संकेत है।’’

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के निरन्तर परीश्रम तथा सटीक रणनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि जब अच्छी नीयत,परीश्रम तथा ज़मीनी रणनीति का संगम होता है,तो ईश्वर भी मदद करता है-विरोधियों की ज़ुबान पर ताला लग जाता है और विजयश्री क़दम चूमती है! राहुल जी के नेतृत्व में 2019 लोक सभा भी जीतेंगे!

मध्य प्रदेश और मिजोरम में 28 नवंबर को मतदान हुआ तो राजस्थान एवं तेलंगाना में 7 दिसंबर को वोट डाले गए। छत्तीसगढ़ में 12 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था।

विपक्षी नेताओं ने भी राहुल की सराहना की

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेताओं ने भी मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि ‘राष्ट्रीय क्षितिज’ पर वह तेजी से उभर रहे हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता डीपी त्रिपाठी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश की सबसे प्रमुख विपक्षी पार्टी के नेता के तौर पर राहुल गांधी राष्ट्रीय क्षितिज पर उभर रहे हैं।’’

राष्ट्रीय जनता दल के नेता मनोज झा ने राहुल गांधी और कांग्रेस की सराहना करते हुए कहा, ‘‘यह अवाम के सरोकारों की जीत है। आज अहंकार और सत्ता के गुरुर की हार हुई है। भाजपा के लोग जिस तरह के अहंकार में डूबे हुए हैं और ऐसे में जनता ने संदेश दिया है कि जनसरोकार की बात करो, नहीं तो दफा हो जाओ।’’

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति की तरफ बढ़ रही है।

You cannot copy content of this page