लोकसभा व विधानसभा चुनाव एक साथ नहीं होंगे : मनोहर लाल

Font Size

मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में विधानसभा चुनाव समय पर करवाए जाएंगे 

दूसरी बार भी भाजपा के जीतने का किया दावा 

चंडीगढ़, 29 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोकसभा और विधानसभा के एक साथ चुनाव करवाने की अटकलों को विराम देते हुए कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव समय पर करवाए जाएंगे।  उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान अब तक न केवल प्रदेश के भौतिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं बल्कि लोगों की मानसिकता में सकारात्मक बदलाव भी लाया गया है। हमने इस दिशा में बहुत कुछ किया है लेकिन अभी और बहुत किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हम रूकेंगे नहीं और दूसरे कार्यकाल में और अधिक काम करेंगे। उन्होंने कहा, ‘मुझे पूरा भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए केंद्र और हरियाणा में सरकार बनाएगी।’

 

विधानसभा चुनाव में बीजेपी का चेहरा कौन होगा ? 

 मनोहर लाल आज यहां नागरिकों की सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने के लिए हरियाणा पुलिस को सम्मानित करने के लिए आयोजित ‘शौर्य सम्मान-हरियाणा’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी का चेहरा कौन होगा, इस पर पार्टी और पार्टी के सदस्यों द्वारा फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव लडक़र उनका उद्देश्य प्रदेश के लोगों की सेवा करना है न कि मुख्यमंत्री बनना। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान उन्होंने अधिकांश समय चंडीगढ़ मुख्यालय पर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने में बिताया और जिलों में लोगों के बीच रहे, जबकि प्रदेश की पिछली सरकारें राजनीतिक लाभ साधने के लिए दिल्ली में डेरा लगाया करती थी।

मनोहर लाल ने कहा कि सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर के मामले में सर्वोच्च न्यायालय से शीघ्र निष्पादन आदेश प्राप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि राज्य नदियों के पानी के अपने वैध हिस्से को प्राप्त कर सके। सर्वोच्च न्यायालय ने पहले ही हरियाणा के पक्ष में अपना निर्णय दे दिया है, परन्तु पंजाब हरियाणा को पानी देने में अनावश्यक देरी कर रहा है।

 

एसवाईएल पर फास्ट टै्रक सुनवाई

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने एसवाईएल पर राष्ट्रपति के संदर्भ पर फास्ट टै्रक सुनवाई करवाई है जोकि पिछले 12 वर्षों से सर्वोच्च न्यायालय में लंबित थी। माननीय न्यायालय ने हरियाणा के पक्ष में अपना निर्णय दिया है परन्तु निष्पादन आदेश अभी न्यायालय में लंबित हैं। हम न्यायालय से शीघ्र ही निष्पादन आदेश प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यद्यपि हरियाणा के पानी का हिस्सा पहले से ही निर्धारित है, परन्तु पंजाब पानी देने में अनावश्यक देरी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि मामले का निपटान पारस्परिक सहमति से हो जाए।

 

पानी के कई अंतरराज्यीय मुद्दे लम्बित

उन्होंने कहा कि वर्षों से देशभर में पानी के कई अंतरराज्यीय मुद्दे लम्बित चले आ रहे हैं और आपसी समझौते से इन्हें हल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लखवार डैम का मामला वर्ष 1976 से लम्बित चला आ रहा था। हमने इसका हल निकालने का प्रयास किया है और छ: राज्यों ने इसके लिए समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। अगर 42 वर्ष पहले यह कार्य पूरा हो जाता तो इन राज्यों को कितना पानी मिल सकता था।

एनसीआर-योजना बोर्ड के पैटर्न पर ट्राईसिटी विकास बोर्ड

चंडीगढ़ के मुद्दे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह मुद्दा 1966 से चला आ रहा है, जब हरियाणा पंजाब से अलग राज्य के रूप में बना था। उन्होंने कहा कि उस समय चंडीगढ़ के मुद्दे का फैसला किया जाना चाहिए था। हरियाणा का चंडीगढ़ पर अपना दावा है और पीछे हटने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने एनसीआर-योजना बोर्ड के पैटर्न पर ट्राईसिटी विकास बोर्ड की स्थापना की सिफारिश की है ताकि पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली के नागरिक सुविधाओं की कमी के कारण परेशान न हों। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को केन्द्रीय गृह मंत्री के समक्ष भी ले जाएंगे ताकि इस क्षेत्र में समुचित विकास हो।

पुलिस व्यवस्था को और सुधारने पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने राज्य में पुलिस व्यवस्था को और सुधारने पर विशेष जोर दिया है। चूंकि पुलिस को सरकार का चेहरा माना जाता है, हमने एक पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया (टीआरपी) लागू की है। हरियाणा अपने पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने वाला पहला राज्य है। इसी प्रकार, पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी में 6 प्रतिशत से बढक़र 8 प्रतिशत हो गई है और इसे आगे बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हॉकी के जादुगर सम्राट ध्यानचंद की जयन्ती भी है और इसके साथ ही एशियाई खेलों में पदकों की तालिका में देश ने अर्धशतक पार कर लिया है। उन्होंने कहा कि खुशी की बात यह है कि इन पदकों में हरियाणा के खिलाडिय़ों का प्रमुख योगदान है। मुख्यमंत्री ने पदक विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी है तथा उन्होंने इसके लिए हरियाणा वासियों को भी बधाई दी है कि खिलाड़ी इसी तरह प्रदेश व देश का नाम रोशन करते हैं।

You cannot copy content of this page