सोनीपत में कांग्रेस की हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ रैली 24 को

Font Size

नई अनाज मंडी स्थित रैली स्थल का जायजा लेने सोनीपत पहुंचे हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर

हाजिरी के लिहाज से रिकॉर्ड तोड़ होगी कांग्रेस की रैली,

सोनीपत में भाजपा के खिलाफ बढ़ रहा जनाक्रोष

सोनीपत में सबसे तगड़ी रैली करने का कार्यकर्ताओं ने दिया पार्टी अध्यक्ष को भरोसा

सोनीपत में कांग्रेस की हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ रैली 24 को 2

सोनीपत, 11 अगस्त। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर ने कहा कि सोनीपत जिला में केंद्र और हरियाणा में चल रही भाजपा सरकारों की कारगुजारियों को लेकर लोगों में आक्रोष है। अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले लोगों के साथ कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। तंवर ने यह बात सोनीपत की नई अनाज मंडी में पार्टी कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू होते हुए कही। वे अनाज मंडी में कांग्रेस की 24 अगस्त को होने वाली हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ रैली के लिए प्रस्तावित स्थल का जायजा लेने सोनीपत पहुंचे थे।

डा अशोक तंवर ने कहा कि सोनीपत जिला में जीटी रोड पर कुंडली बॉर्डर से 21 अगस्त को हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल यात्रा का चौथा चरण शुरू होगा। चार दिन चलने वाली यह यात्रा सोनीपत जिला की सभी राई, गन्नौर, गोहाना, बरोदा, खरखौदा से होते हुए नई अनाज मंडी सोनीपत में हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ रैली के साथ समाप्त होगी। सोनीपत विधानसभा क्षेत्र में होने वाली रैली में ही यात्रा के पांचवे चरण की घोषणा होगी। यह रैली सोनीपत जिला में कांग्रेस पार्टी में नया जोश और देश मे राहुल गांधी को ताकत देने का काम करेगी।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि साइकिल यात्रा और रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश है। भाजपा और उसकी बी टीम इनेलो को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हरियाणा के विकास, सामाजिक सद्भाव, अमन-चैन को इन दलों की नजर लग गई है। गुण्डागर्दी और अकर्मण्यता के पर्याय इन दलों से समाज को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने साइकिल यात्रा को गरीब एवं कमेरों के संघर्ष का प्रतीक बताते हुए कहा कि जिन इलाकों से यात्रा के पहले तीन चरण गुजरे है वहा पर जनविरोधी सरकार के खिलाफ एक नई चेतना पैदा हुई है।
अशोक तंवर ने बताया कि यात्रा का पहला चरण पंचकूला जिला के कालका से आरम्भ होकर यमुनानगर, अम्बाला होते हुए कुरुक्षेत्र के पेहोवा में सम्पन्न हुआ, दूसरा चरण डबवाली हल्के के गांव चौटाला से आरम्भ होकर सिरसा में तथा तीसरा चरण दीन बंधू सर छोटू राम स्मारक गढ़ी सांपला से रोहतक शहर, सांघी-महम-बनियानी होते हुए कलानौर में पूरा हुआ। उन्होंने बताया कि जहां-जहां से यात्रा गुजरी किसान-मजदूर-नौजवान-महिलाओं में जनविरोधी खट्टर-मोदी सरकार से पीछा छूटने की आशा का संचार हुआ। इन चरणों मे भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को भी उजागर किया गया।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने साइकिल यात्रा को देश मे भाजपा की सरकार को हटाने तथा राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए अश्वमेघ यज्ञ बताया। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने रैली के आयोजन की जिम्मेवारी ली। साथ ही सोनीपत के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेहोवा, सिरसा और कलानौर में आयोनित हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ रैलियों से तगड़ी तथा सोनीपत जिला में अब तक कि सबसे बड़ी रैली करने का पार्टी अध्यक्ष को भरोसा दिया।

‌इस अवसर पर पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, पूर्व विधायक राजरानी पूनम, कंवर सिंह खत्री, निखिल मदान, कांग्रेस एससी सेल से राजकुमार कटारिया, राई विधानसभा से सुनील खेड़ी, सतीश दहिया, पवन खरखौदा, सतपाल चौहान, राजबीर दहिया, सत्यवान दहिया, सीमा शर्मा, मोनिका मलिक, रोहित दलाल, मोहकम सिंह छोक्कर, राजेश जून बहादुरगढ़, शीतल मान, प्रो कुलताज सिंह, पंचायती राज संगठन से डा सुनील पंवार आदि वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page