गुरुग्राम की डी एल ऍफ़ 3 कॉलोनी भी होगी नगर निगम में शामिल : राव नरबीर

Font Size

– DLF फेस 3 नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में शामिल करने के लिए प्रक्रिया शुरू 
– नगर निगम में शामिल होने पर बरसात के बाद होंगी DLF फेस 3 की सड़कें चकाचक

गुरुग्राम 20 मई- हरियाणा के लोक निर्माण , वन तथा नागरिक उड्डयन विभागो के मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज गुरुग्राम के DLF फेस 3 में जनसाधारण की समस्याएं सुनते हुए कहा कि DLF फेस 3 को नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में लाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने के बाद DLF फेस 3 की सभी सड़कों की मरम्मत की जाएगी और पेयजल आदि की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा 103 करोड रुपए के सड़क मरम्मत व सुदृढ़ करने के कार्य करवाए जा रहे हैं परंतु DLF फेस 3 उसमें कवर नहीं हो पाएगा। यहां पर बरसात के बाद ही सड़कों की मरम्मत व सुदृढ़ करने के लिए नए टेंडर जारी किए जाएंगे।

समस्याएं सुनने के दौरान लोक निर्माण मंत्री द्वारा नगर निगम तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को आदेश दिए गए कि वे उनके विभाग से संबंधित समस्याओं का निदान करें। बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि DLF फेस 3 में 17 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे, जो ओवरलोड वाली ट्रांसफार्मरों का लोड बटाएंगे। उसके बाद इस क्षेत्र में बिजली कटौती समस्या नहीं रहेगी। इसी प्रकार नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि सुबह 7:00 से 8:00 बजे तक तथा शाम 4:00 से 5:00 तक उन्हें पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति की जाएगी। लोक निर्माण मंत्री ने भी भरोसा दिलाया कि अगले एक महीने में DLF फेस 3 की पेयजल आपूर्ति की समस्या दूर की जाएगी। साथ ही भरोसा दिलाया कि लोगों ने जो टैंकर माफिया की बात उठाई है उस पर शिकंजा अवश्य कसा जाएगा।
राव नरबीर सिंह ने बताया कि यूनिटेक, सुशांत लोक तथा पालम विहार कालोनियों को नगर निगम के दायरे में लाने के लिए बैठक करवाई गई है। इसमें नगर निगम द्वारा 5 सालों के लिए रखरखाव के खर्च को भी शामिल किया गया था जिस पर प्राइवेट कॉलोनाइजर सहमत नहीं हुए। अब रखरखाव का खर्च को छोड़ने पर कुछ सहमति बनी है। उन्हें उम्मीद है कि DLF फेस 3 को जल्द ही एमसीडी द्वारा टेक ओवर कर लिया जाएगा ।

उन्होंने यह भी कहा कि गुरुग्राम का बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र ऐसा क्षेत्र है जिसमें शहर की सबसे ज्यादा अनियमित कालोनियां शामिल है। लगभग डेढ़ लाख मतदाता अनियमित कॉलोनियों में रहते हैं। कुछ अनियमित कॉलोनियों को नियमित भी किया जा रहा है।
उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए पूछा कि पिछले 3:30 सालों में आपको गुरुग्राम बदलता नजर आ रहा होगा। मौजूदा सरकार ने यहां पर बहुत सारे विकास के कार्य करवाए हैं और करोड़ों रुपए के विकास कार्य इस वर्ष के दौरान शुरू किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार राज्य सरकार गुरुग्राम और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी सुधारने पर काम कर रही है।

इससे पहले नाथूपुर के पूर्व सरपंच और वर्तमान नगर निगम पार्षद लीलू में DLF वासियों की समस्याएं उठाई। इस अवसर पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी भारत भूषण गोगिया, नगर निगम के अतिरिक्त निगम आयुक्त वाईएस गुप्ता, मुख्य अभियंता एन डी वशिष्ठ भी उपस्थित थे।

Suvash Chandra Choudhary

Editor-in-Chief

You cannot copy content of this page