लगातार जीत से भाजपा बन गई देश की पार्टी : भूपेंद्र यादव

Font Size

गुरुग्राम , 11 मार्च । भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि एक के बाद एक राज्यों में मिल रही लगातार जीत से भारतीय जनता पार्टी देश की पार्टी बन गई है । देश का भरोसा आज भाजपा के साथ है । वे रविवार सुबह हरियाणा आगमन के दौरान गुरुग्राम के एमजी रोड स्थित सहारा मॉल के पास भारतीय जनता युवा मोर्चा हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष मनीष यादव की अध्यक्षता में आयोजित उनके स्वागत और सम्मान कार्यक्रम में बोल रहे थे ।

उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए भाजपा की नीति और नीयत एकदम साफ़ है । युवाओं का भाजपा से जुड़ना बताता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बन रहे न्यू इंडिया को लेकर उनमें जबरदस्त उत्साह है । वे इस विज़न में अपना योगदान देने के लिए आगे आ रहे हैं । दरअसल यह न्यू इंडिया हमारे देश के युवाओं के लिए ही बन रहा है जो आगे चलकर पूरी दुनिया को लीड करेंगे । उन्होंने प्रदेश के युवाओं का इस बात के लिए धन्यवाद किया कि वे मनीष यादव के नेतृत्व में आज भारतीय जनता युवा मोर्चा के बैनर तले एकत्रित हो भाजपा को लगातार मज़बूत कर रहे हैं । इसके लिए उन्होंने युवाओं का धन्यवाद भी किया ।

सोमवार को राजस्थान से राज्यसभा के लिए अपना नामांकन भरने जाने से पहले रविवार को मानेसर और धारूहेड़ा में भी आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने कहा कि हाल ही में पूर्वोतर में मिली पार्टी की जबरदस्त जीत ने २०१९ में होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी की तीन-चौथाई बहुमत से जीत के द्वार खोल दिए हैं । कर्नाटक विधानसभा का चुनाव भाजपा जीत रही है । भूपेंद्र यादव को इस अवसर पर शीतला माता की तस्वीर भेंट कर मनीष यादव ने भूपेंद्र यादव को फिर से राज्यसभा के लिए चुने जाने की शुभकामना देते हुए कार्यक्रम में पहुंचे संगठन के सभी कार्यकर्ता और लोगों का धन्यवाद प्रकट किया ।

Table of Contents

You cannot copy content of this page