पटना में अपराधियों ने दो भाइयों को घर में घुस कर मारी गोली

Font Size

सुधिष्ट कुमार 

पटना : बिहार की राजधानी के राजीवनगर में मंगलवार की देर रात आपसी विवाद में अपराधियों ने दो सहोदर भाइयों को गोली मार दी। गंभीर हालत में दोनों भाइयों नारायण पाठक (30 वर्ष) व विष्णुकांत पाठक (25 वर्ष) को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। विष्णुकांत को दो व नारायण को एक गोली लगी है।

घटना राजीव नगर रोड नंबर 16 में हुई है। दोनों भाई पुजारी हैं। घरों में पूजा-पाठ करवाते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार की रात राजीव नगर रोड नंबर 16 के समीप बने मंदिर के पास बैठकर कुछ लोग गांजा पी रहे थे। तभी किसी बात को लेकर दोनों भाइयों नारायण व विष्णुकांत से अन्य लोगों का विवाद हो गया। इसके बाद असामाजिक तत्व वहां से चले गए।

थोड़ी देर बाद करीब दर्जनभर की संख्या में अपराधी आए। दोनों भाइयों के घर में घुसकर मारपीट की। उसके बाद बाहर निकाल कर गोली मार दी। एक को छाती के पास व दूसरे को पेट के पास गोली लगी है। सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी डा. मो. शिब्ली नोमानी व थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि दोनों भाइ कर्कटनुमा घर में रहते हैं। इनके दो अन्य भाई भी पास में ही किराये के मकान में रहकर पूजा-पाठ कराते हैं। 

मौके से मिला खोखा

मौके से पुलिस को 7.62 बोर का एक खोखा, चिलम व गांजा मिला है। बाद में दोनों भाइयों का हाल-चाल व बयान लेने के लिए डीएसपी पीएमसीएच गए। स्थिति गंभीर होने के कारण उनका बयान नहीं लिया जा सका। देर रात दोनों भाइयों का ऑपेरशन शुरू कर दिया गया था। अपराधियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी की मगर सभी फरार मिले। स्थानीय लोगों का कहना था कि मंदिर के पास दीघा इलाके के भी कई अपराधी किस्म के युवक बैठकी लगाते थे। रात में लूटपाट भी करते थे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page