श्रीकृष्णा सर्किट के तहत विकसित होंगे 350 तीर्थ स्थान : कविता जैन

Font Size

श्रीकृष्णा सर्किट के तहत कुरुक्षेत्र का भी होगा विकास 

48 कोस के तीर्थो को विकसित करने के कार्य में तेजी

चण्डीगढ़ :  हरियाणा की नगर निकाय एवं शहरी विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि अब श्रीकृष्णा सर्किट के तहतकुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के लगभग 350 तीर्थ स्थानों को विकसित करने का प्रयास किया जाएगा और कुरुक्षेत्र 48 कोस की परिधि के अंतर्गत आने वाले तीर्थो को लेकर एक परिक्रमा भी तैयार की जाएगी ताकि कुरुक्षेत्र के साथ-साथ 48 कोस के क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो सके और अधिक से अधिक विदेशी पर्यटक भी कुरुक्षेत्र के दर्शन कर सके।यह जानकारी आज श्रीमती जैन ने कुरूक्षेत्र में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड में नवनियुक्त मानद सचिव अशोक सुखीजा के पदग्रहण समारोह में शिरकत करने से पूर्व दी।  
श्रीमती जैन ने राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केडीबी में मानद सचिव की नियुक्ति से कुरुक्षेत्र ही नहीं 48 कोस के तीर्थो को विकसित करने के कार्य में तेजी आएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अथक प्रयासों से कुरुक्षेत्र को श्रीकृष्णा सर्किट के तहत विकसित किया जा रहा है, इसके लिए सरकार ने लगभग 100 करोड़ रुपए का बजट भी जारी किया है। इस श्रीकृष्णा सर्किट के तहत तीर्थाे और पर्यटन स्थलों को भव्य और सुंदर बनाया जाएगा और कुरुक्षेत्र पर्यटन के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक पहचान बनायेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास की दृष्टि से ही योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन एक कड़ी की तरह काम कर रहे हैं और संगठन सरकार की रीढ़ की हड्डी की तरह है व सरकार को संगठन से अलग नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक, सबका साथ-सबका विकास और अन्तोदय नीति के तहत काम कर रही है। सरकार देश को फिर से विश्व गुरु बनाने की तरफ तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
इसके उपरांत नवनियुक्त मानद सचिव अशोक सुखीजा ने केडीबी कार्यालय में मंत्रौच्चारण के बीच अपना पद सम्भाला। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने मानद सचिव अशोक सुखीजा को आशीर्वाद दिया और मंत्री कविता जैन, राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, विधायक डा. पवन सैनी, विधायक भगवान दास कबीरपंथी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री आईडी स्वामी, करनाल नगर निगम की चेयरमैन रेणू बाला, पूर्व मंत्री शशीपाल मेहता, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा, बाल विकास विभाग की मानद सचिव संतोष अतरेजा, भाजपा प्रदेश महामंत्री वेदपाल, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, हरियाणा स्वच्छ भारत मिशन बोर्ड के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, जिला परिषद के चेयरमैन गुरदयाल सुनेहड़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर ने शुभकामनाएं देकर स्वागत किया।

You cannot copy content of this page