केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर बोले : कांग्रेस के पास अतीत में किए घोटाले और कलंकित नेतृत्व है

Font Size
-विस्तृत जिला कार्यकारिणी बैठक में कांग्रेस पर बरसे कृष्णपाल गुर्जर
– केन्द्रीय मंत्री ने कहा  – कांग्रेस ने ना किसानों की जमीन छोड़ी और ना ही मुआवजा दिया
– विस्तृत जिला कार्यकारिणी की बैठक में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने पर देश और प्रदेश की जनता का आभार जताया
– कांग्रेस के शासन का गुरुग्राम और फरीदाबाद भुग्तभोगी है : गुर्जर
गुरुग्राम, 7 जुलाई। जिला की चारों विधानसभाओं में कमल खिलाने के लिए रविवार को विस्तृत जिला कार्यकारिणी की बैठक में महामंथन हुआ। जिला अध्यक्ष कमल यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव और प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। मुख्य वक्ताओं ने राष्ट्रीय और प्रदेश आलाकमान द्वारा संगठन को लेकर दिए गए सभी कार्यक्रमों को लागू करने के लिए गंभीरता से काम करने की बात कही। बैठक शुरू होने पर सभी नेताओं ने केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने पर देश और प्रदेशवासियों का आभार जताया। कार्यकारिणी की बैठक में पहुंचने पर जिला अध्यक्ष कमल यादव ने मुख्य अतिथि कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव और संतोष यादव का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
विस्तृत जिला कार्यकारिणी के पहले सत्र में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि जिला से लेकर शक्ति केन्द्र स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय करना है। उन्होंने कहा कि संगठन का काम सामूहिक जिम्मेदारी का काम है। हम सबकों अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। श्री गुर्जर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ना तो किसानों की जमीन को छोड़ा और ना ही फसल की कीमत दी। कांग्रेस ने किसानों की जमीनों को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास चुनाव में बताने के लिए सिर्फ अतीत में किए गए घोटाले हैं और कलंकित नेतृत्व है जो आज जमानत पर बाहर है।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पहले 50 प्रतिशत फसल बर्बाद होने पर ही किसानों को मुआवजा दिया जाता था, लेकिन किसानों की पीड़ा को पीएम मोदी ने समझा। मोदी जी ने 30 प्रतिशत फसल खराब होने पर किसानों को मुआवजे का हकदार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि हमने 70 हजार करोड़ रुपये किसानों का कर्ज माफ किया। श्री गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलती है कांग्रेस ने सिर्फ बड़े-बड़े किसानों के कर्ज माफ किए छोटें किसानों की चिंता कांग्रेस ने नहीं की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन का गुरुग्राम और फरीदाबाद भुग्तभोगी है। किसानों की जमीन को सेक्शन 4, 6 और 9 लगाकर अवार्ड कर दिया जाता था। करोड़ों की जमीनों को लाखों में लूट लिया जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नीति बनाकर किसानों की मर्जी से जमीन लेने का काम कर रही है। 10 सालों में हमारी सरकार ने किसी भी किसान की जमीन जबरदस्ती नहीं ली। कांग्रेस ने 10 साल में एक हजार करोड़ रुपये फसल का मुआवजा दिया, जबकि भाजपा ने 10 सालों में 12 हजार करोड़ रुपये फसल खराबी का मुआवजा दिया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 10 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना और 2027 तक भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। भारत सैन्य उपकरण बनाने में आत्म निर्भर हो रहा है आज दूसरे देशों को निर्यात भी कर रहा है।  उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत में स्थिरता भी है और सुरक्षित है, इसलिए दुनिया का सबसे ज्यादा निवेश भारत में आ रहा है। दुनिया का भारत में विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा आज दुनिया में भारत मोबाइल बनाने वाला दूसरे नंबर का देश बना है। बच्चों के खिलौने कभी दूसरे देशों से आयात करते थे, लेकिन अब भारत निर्यात कर रहा है। ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में भारत ने 10 सालों में जर्मनी जैसे देश को पीछे कर दिया। श्री गुर्जर ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व का कमाल है कि पहली बार दुनिया के कई देशों से हमारा व्यापार रुपये में हो रहा है, जबकि पहले डॉलर में होता था।
श्री गुर्जर ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पहले कांग्रेस के समय में जमकर भ्रष्टाचार होता था। मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई और सरकार की योजना का लाभ सीधे लोगों को पहुंचाया। कांग्रेस के शासन में भेदभाव किया जाता था, नौकरियां क्षेत्र के हिसाब से बांटी जाती थी। कांग्रेस पर तंज कसते हुए श्री गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस ने 10 सालों में सिफारिश और रिश्वत के आधार पर एक लाख युवाओं को नौकरियां दी, जबकि भाजपा सरकार ने बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर 1 लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरियां दी है। कांग्रेस ने 10 सालों में बुढ़ापा पेंशन के 700 रुपये बढ़ाएं, जबकि भाजपा सरकार ने 2000 हजार रुपये बढ़ाए। उन्होंने कहा आज कांग्रेस बुजुर्गों का मसीहा बनने का नाटक कर रही है।
कृष्णपाल गुर्जर ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संकल्प के साथ मोदी और नायब सरकार के कामों को जनता के बीच लेकर जाएं और लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि हम सभी अच्छे और कर्मठ कार्यकर्ता हैं, हमारे पास लोगों को बताने के लिए पीएम मोदी, पूर्व सीएम मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा कराए गए कार्य हैं।
केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर बोले : कांग्रेस के पास अतीत में किए घोटाले और कलंकित नेतृत्व है 2
भाजपा सरकार गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के उत्थान के लिए काम रही है : डा. सुधा यादव
विस्तृत जिला कार्यकारिणी के दूसरे सत्र में बोलते हुए केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव ने भी तीसरी बार मोदी सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं का आभार जताया और विधानसभा चुनाव को जीतने के लिए पूरी ताकत के साथ जुट जाने को भी कहा। डा. सुधा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी ऐसे चार वर्ग हैं जिनके लिए काम करके दिखाया है।
डा सुधा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और उस पर काम भी शुरू कर दिया है। श्रीमती यादव ने कांग्रेस को गरीब, युवा, किसान और महिलाओं का विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ बोलते हैं और लोगों को भ्रमित करते हैं। कांग्रेस के समय जमकर भ्रष्टाचार होता था, गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने पारदर्शी तरीके से काम करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचाया है। ऑनलाइन तरीके से गरीबों के अकांउट में पैसै ट्रांसफर किए जा रहे हैं।  डा. सुधा यादव ने कहा कि 10 सालों में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ने गरीबों को घर, बिजली, शौचालय, गैस सिलेंडर, नल से जल दिया है। आयुष्मान तथा चिरायु कार्ड के माध्यम से गरीबों को बीमारी के दौरान होने वाले खर्च की चिंता से मुक्त किया है। युवाओं को बिना खर्ची, बिना पर्ची के नौकरी दी है।
करिश्माई नेतृत्व, राष्ट्र प्रेम से ओत-प्रोत कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण तीसरी बार बनी मोदी सरकार : संतोष यादव
विस्तृत जिला कार्यकारिणी के दूसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव ने तीसरी बार मोदी सरकार बनने और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे करिश्माई नेतृत्व, राष्ट्र प्रेम से ओत-प्रोत कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण केंद्र में तीसरी बार भाजपा सरकार बनी है और हरियाणा में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।
श्रीमती यादव ने कहा कि सरकार की नीति और ईमानदार नीयत के कारण सभी योजनाएं धरातल तक पहुंची है। भाजपा का उद्देश्य सत्ता के माध्यम से सेवा करने का है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर भाजपा सरकार काम कर रही है। 10 सालों में काफी परिवर्तन और बदलाव देश ने महसूस किए हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी तरीके से सिस्टम और कल्चर में बदलाव लाया गया है। संतोष यादव ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार गरीबी हटाओ का सिर्फ नारा देती थी, लेकिन गरीबी खत्म करने की कांग्रेस की नीयत ही नहीं थी। भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से उपर उठे हैं।
जिला कार्यकारिणी की बैठक को जिला अध्यक्ष कमल यादव, जिला प्रभारी संदीप जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, विधायक सत्य प्रकाश जरावता, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, मुख्य प्रवक्ता जवाहर यादव ने भी संबोधित किया। सत्र के समापन पर जिला अध्यक्ष कमल यादव ने सभी अतिथियों का आभार जताया और कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ता पूरी कर्मठता, लग्न से जनता के बीच जाएंगे और गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभाओं में कमल खिलाने का काम करेंगे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष कमल यादव,अरुण यादव ,प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, महामंत्री रामबीर भाटी, सर्वप्रिय त्यागी, जिला मीडिया प्रमुख डा. गजेंद्र गुप्ता, सह मीडिया प्रमुख पवन यादव, शैलेंद्र पाण्डेय, हरविन्द्र कोहली, मनोज शर्मा, सतीश नागर, मुकेश पहलवान, अरूण महेश्वरी, तिलक राज मल्होत्रा, समय सिंह भाटी, भूपेंद्र चौहान, मनीष गाढोली, अनिल गंडास, नवीन गोयल, जिला उपाध्यक्ष सुन्दरी खत्री, अर्जुन शर्मा, जिले के सचिव निधि कोटिया,पवन जांघू, जयंती चौधरी,अवनीश राघव, महेश विशिष्ट,प्रवीण अग्रवाल, कार्यालय सचिव यादराम जोया, कार्यालय सह प्रभारी ओमप्रकाश ठाकरान, जिला मीडिया राकेश राणा, नेहा अग्रवाल, प्रवक्ता विपिन यादव, जगतार सिंह, सुरेंद्र गहलोत, धनराज बंसल, कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन मित्तल,आईटी सोशल मीडिया प्रभारी विकास चोपड़ा, सुमित वोहरा, मोर्चों के अध्यक्ष मयंक निर्मल, कृष्ण गुर्जर, प्रदीप गुर्जर,सोनिया यादव और पार्टी के सभी कार्यकर्ता  मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री गुर्जर ने गुरुग्राम भाजपा की वेबसाइट को किया लांच
भारतीय जनता पार्टी गुरुग्राम की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यु डब्ल्यू बीजेपी गुरुग्राम डॉट ओआरजी एक नए कलेवर मे, एक नए रंगरूप और जानकारियों के साथ आज केंद्रीय मंत्रीकृष्णपाल गुर्जर द्वारा लॉन्च किया गया। वेबसाइट का निर्माण जिला अध्यक्ष कमल यादव के नेतृत्व मे जिला सोशल मीडिया विभाग प्रमुख विकास चोपड़ा एवं जिला आईटी प्रमुख सुमित वोहरा द्वारा किया गया है। इस वेबसाइट से लोगों को पार्टी से संबंधित सभी जानकारियां आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

You cannot copy content of this page