रिटायर्ड फौजी की आंखों से छलके आंसू तो गृह मंत्री अनिल विज ने हौंसला दिया

Font Size

– गृह मंत्री बोले “तुम्हारी लड़ाई लड़ने के लिए मैं बैठा हूं, तुम्हें चिंता करने की जरूरत नहीं

– कबूतरबाजी के कई मामलों की जांच एसआईटी को सौंपी

-शनिवार अंबाला में अपने आवास पर गृह मंत्री ने प्रदेश के कोने-कोने से आए सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुना

चंडीगढ़, 09 मार्च : हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का जनता दरबार आजकल रद्द है, मगर उनके आवास पर प्रतिदिन सैकड़ों फरियादी अपनी फरियादें लेकर पहुंच रहे हैं। शनिवार को गृह मंत्री अनिल विज ने सैकड़ों लोगों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए।

सिरसा से आए रिटायर्ड फौजी ने गृह मंत्री अनिल विज को अपनी शिकायत देते हुए बताया कि उसके घर में लगभग 15 बदमाशों से घुसकर उससे व उसकी पत्नी के साथ झगड़ा व मारपीट की। अपनी बात बताते समय फौजी रोने लगा तो गृह मंत्री अनिल ने उन्हें हौंसला देते हुए कहा “तुम्हारी लड़ाई लड़ने के लिए मैं बैठा हूं, तुम्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है”। उन्होंने इस मामले में सिरसा के एसपी को मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विदेश भेजने के नाम पर ठगी के कई मामले आए, गृह मंत्री अनिल विज ने एसआईटी को सौंपी जांच

जनसुनवाई के दौरान गृह मंत्री अनिल विज के समक्ष विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के कई मामले आए जिन पर उन्होंने कबूतरबाजी के लिए गठित एसआईटी को कार्रवाई के निर्देश दिए। करनाल निवासी व्यक्ति ने उसे कैनेडा भेजने के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी की शिकायत दी। उसने बताया आरोपियों ने उसे वर्क वीजा का झांसा भी दिया था, मगर न विदेश भेजा और न ही पैसे लौटाए।

इसी तरह, कैथल निवासी फरियादी ने उसे आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 10 लाख रुपए की ठगी करने, कुरुक्षेत्र निवासी फरियादी ने बताया कि एजेंट ने उसे कोरिया भेजने का झांसा दिया था और उससे छह लाख रुपए की ठगी की गई। करनाल से आई महिला ने बताया कि एजेंटों ने उसके पूरे परिवार को इंग्लैंड में वर्क वीजा पर भेजने का झांसा देकर उनसे 34 लाख रुपए की ठगी की।

वहीं, कुरुक्षेत्र निवासी परिवार ने बताया कि उनके पूरे परिवार को एजेंटों ने यूके भेजने के नाम पर उससे 20 लाख रुपए ठगी की। सौदा 60 लाख में तय हुआ था, मगर उसने 20 लाख रुपए दिए थे। शक होने पर उसने शेष रकम नहीं दी। इसी प्रकार, करनाल निवासी युवक ने उसे अमेरिका भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा 16 लाख रुपए की ठगी की शिकायत दी जबकि जींद निवासी महिला ने उसे व उसके पति को टूरिस्ट वीजा पर अमेरिका भेजने के नाम पर 16 लाख रुपए की ठगी की शिकायत दी।

बच्ची लापता होने पर कुरुक्षेत्र पुलिस की कार्यप्रणाली से गृह मंत्री अनिल विज खफा, एसपी को दी हिदायतें

गृह मंत्री अनिल विज को कुरुक्षेत्र से आए दंपत्ति ने बताया कि उनकी नाबालिग बच्ची बीते कुछ दिनों से लापता है। वह घर से पेपर देने के लिए निकली थी जिसके बाद वह नहीं लौटी। उनका आरोप था कि पुलिस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। गृह मंत्री अनिल विज ने मामले में एसपी, कुरुक्षेत्र को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने इस मामले में अब तक कार्रवाई नहीं करने वाले संबंधित थाने के एसएचओ से भी जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

इन मामलों में गृह मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए

यमुनानगर से आए परिवार ने गृह मंत्री अनिल विज को बताया कि उनके बेटे पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया था जिसके बाद अब तक पुलिस ने आरोपियों को नहीं पकड़ा है। इस पर गृह मंत्री अनिल विज ने एसपी, यमुनानगर को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, करनाल निवासी महिला ने उनसे जमीनी धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई की मांग की। रोहतक से आई महिलाओं ने प्रापर्टी डीलर द्वारा उन्हें गलत प्लाट देने, पानीपत से आई युवक ने उसके भाई की मौत के मामले में पानीपत जीआरपी द्वारा कार्रवाई नहीं करने, पलवल से आए बुजुर्ग दंपत्ति ने बेटे व बहू पर उन्हें घर से बाहर निकालने की शिकायत दी।

इसके अलावा, फतेहाबाद निवासी महिला द्वारा उसे ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित करने, कैथल निवासी युवक ने उसे रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर 36 लाख रुपए ठगी करने की शिकायत दी। जींद निवासी व्यक्ति द्वारा उसके बेटे की हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने, पानीपत निवासी फरियादी द्वारा उसकी जमीन पर कब्जा करने, कैथल निवासी किसान द्वारा उसकी अधिग्रहण की गई जमीन का मुआवजा नहीं मिलने एवं अन्य कई मामले सामने आए जिन पर गृह मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अम्बाला छावनी के एसडीएम सितेंद्र सिवाच, कैंट डीएसपी आशीष चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page