किसान हित में हरियाणा सरकार का डिजिटिलाइजेशन सिस्टम सराहनीय : नरेंद्र सिंह तोमर

Font Size

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के दिल्ली स्थित आवास पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री ने बताया, हरियाणा देश का ऐसा राज्य जिसमें मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के माध्यम से किसानों की फसलों का है अपडेट रिकार्ड

नई दिल्ली, 14 जुलाई : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने हरियाणा सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए क्रियान्वित योजनाओं हेतु अपनाए जा रहे डिजिटिलाइजेशन सिस्टम की सराहना की है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा किसान हित में उठाए जा रहे कल्याणकारी कदमों को देश के अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय बताया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को केंद्रीय कृषि मंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की और हरियाणा सरकार द्वारा किसान हित में लिए जा रहे निर्णयों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को पुष्प गुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया।

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने बताया कि केंद्र सरकार की कृषि एवं किसान कल्याण की दिशा में लागू की गई योजनाओं का लाभ हरियाणा सरकार प्रदेश के किसानों को प्रभावी ढंग से पहुंचा रही है।

हरियाणा सरकार की किसान हितकारी नीतियां देश के लिए आदर्श : तोमर

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसान हित में हरियाणा सरकार की नीतियों को पूरे देश के लिए आदर्श बताते हुए उन्हें हर संभव सहयोग दिए जाने का विश्वास दिलाया। श्री तोमर ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों के हितों व उनके लाभ के लिए सजग एवं सतर्क है, ऐसे में केंद्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा हरियाणा सरकार के किसान हित में उठाए जा रहे निर्णय में वे निरंतर सहयोगी रहेंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि हरियाणा देश का ऐसा राज्य जिसमें मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के माध्यम से किसानों की कृषि योग्य बोई गई फसलों का संपूर्ण डाटा रिकार्ड किया गया है। साथ ही हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि किसी भी रूप से प्राकृतिक आपदा की स्थिति में खेत की बुआई करने वाले किसान को प्रभावित हुई फसल का मुआवजा समय पर दिया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री के समक्ष प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित किसानों को आ रही तकनीकी कठिनाईयों से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की संतुष्टि हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है और उसी प्राथमिकता के आधार पर केंद्रीय कृषि मंत्रालय के समक्ष वे विभिन्न सुझाव रखते हुए समाधान करने का आग्रह करते हैं। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में हरियाणा सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी रूप से किसानों को कोई असुविधा न हो इसके लिए हर स्तर पर सरकार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि किसानों की बागवानी फसलों पर भी सरकार का पूरा फोकस है और हरियाणा में भावांतर भरपाई योजना के माध्यम से भी किसानों को भरपूर सहयोग दिया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी. उमाशंकर व आवासीय आयुक्त दिल्ली डॉ. डी.सुरेश सहित केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Table of Contents

You cannot copy content of this page