गोल्ड की दौड़ में हरियाणा के धाकड़ छोरे पड़ रहे भारी, अभी तक जीते 18 गोल्ड

Font Size

प्रदेश की झोली में आए अभी तक 33 गोल्ड, लड़कियों ने जमाया 15 गोल्ड पर कब्जा

96 पदक के साथ तालिका में हरियाणा पहले स्थान पर काबिज

चंडीगढ़, 9 जून– हरियाणा के पंचकूला में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स के दौरान गोल्ड की दौड़ में हरियाणा के धाकड़ छोरे भारी पड़ रहे हैं। अभी तक प्रदेश की झोली में आए कुल 33 गोल्ड में से लड़कों ने 18 गोल्ड जीते हैं, जिनमें से 16 एकल व 2 गोल्ड टीम इवेंट में उनके खाते में आए हैं। इसी तरह लड़कियों की बात करें तो उन्होंने कुल 15 गोल्ड जीते हैं, जिनमें से 14 एकल व 1 टीम इवेंट में जीता है। लड़कों व लड़कियों दोनों ने सबसे ज्यादा गोल्ड हरियाणा के सबसे पसंदीदा खेल कुश्ती में झटके हैं।

सिल्वर मेडल की बात की जाए तो इसमें भी लड़कियों से आगे लड़के ही हैं। कुल 27 मेडल में से लड़कों ने 16 मेडल अपने नाम किए हैं। इनमें से 13 मेडल एकल व 3 मेडल टीम इवेंट में जीते हैं। वहीं लड़कियों ने अभी तक कुल 11 सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं। इनमें से 8 एकल व 2 टीम इवेंट में जीते हैं।

ब्रांज मेडल की तालिका में भले ही लड़के आगे हों लेकिन दोनों के बीच महज दो मेडल का अंतर है। अभी तक हरियाणा की झोली में कुल 36 ब्रांज मेडल आए हैं, इनमें से लड़कों ने 19 तो लड़कियों ने 17 मेडल जीते हैं। एकल स्पर्धा में लड़कों और लड़कियों दोनों ने 16-16 मेडल पर कब्जा किया है, वहीं टीम स्पर्धा में लड़कों ने 3 मेडल तो लड़कियों ने 1 मेडल अपने नाम किया है।

पदकतालिका में अभी तक कुश्ती का दबदबा

96 पदक के साथ हरियाणा पदकतालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है। कुल पदकों में अभी तक हरियाणा के पारंपरिक खेल कुश्ती का दबदबा बरकरार है। इसी की बदौलत सबसे ज्यादा पदक आए हैं। कुश्ती में कुल 38 पदक प्रदेश के नाम रहे हैं, इनमें से 16 गोल्ड, 10 सिल्वर और 12 ब्रांज मेडल हैं। दूसरे स्थान पर एथलेटिक्स है, जिसमें कुल 14 पदक आए हैं। इसमें 3 गोल्ड, 6 सिल्वर और 5 ब्रांज मेडल शामिल हैं।

क्रमांकः2022

<p>You cannot copy content of this page</p>