देश में, विश्वविद्यालयों में अशांति का माहौल बना रहे हैं वाम दल, कांग्रेस और आप : जावड़ेकर

Font Size

नयी दिल्ली :  केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षकों पर हमले की सोमवार को निंदा की तथा कांग्रेस, आप एवं वाम दलों पर देश में अशांति का माहौल बनाने का आरोप लगाया।

पर्यावरण और सूचना प्रसारण मंत्री जावड़ेकर ने ट्वीट किया, ‘‘मैं कल रात जेएनयू में हुई हिंसा की निंदा करता हूं। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और वाम दलों के कुछ तत्व जानबूझकर देश में, खासकर विश्वविद्यालयों में हिंसा और अशांति का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी जांच होनी चाहिए।’’

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में रविवार रात कुछ नकाबपोश लोगों ने छात्रों और शिक्षकों पर हमला किया तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जावड़ेकर ने हमले के समय परिसर में कुछ नेताओं की मौजूदगी पर सवाल खड़ा किया और आरोप लगाया कि यह उन लोगों की साजिश थी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हिंसक हमलों के 10 मिनट के भीतर योगेंद्र यादव घटनास्थल पर पहुंच गये। अन्य लोग भी मौजूद थे। यह कैसे संभव है? इस पर विचार होना चाहिए। यह एक साजिश है।’’

जावड़ेकर ने यह भी कहा कि यह पता लगाना होगा कि पिछले तीन दिन से चल रही सेमिस्टर पंजीकरण प्रक्रिया में कौन रोड़े डाल रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘कल बाहरी लोग आये और छात्रों तथा शिक्षकों पर हमला किया। इसकी जांच होनी चाहिए। अमित शाह ने पुलिस को जांच करने का निर्देश दिया है।’’

Table of Contents

You cannot copy content of this page