अशोक तंवर ने कहा : भजपा को लोकसभा चुनाव में भी जनता वोट का चोट मारेगी

Font Size

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधान सभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक जीत के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बधाई दी है और मतदाताओं का धन्यवाद किया। डॉ. तंवर ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के नेताओं तथा कार्यकत्र्ताओं ने जिस लगन और निष्ठा से कार्य किया वह बहुत सराहनीय है और इससे लोक सभा के आगामी चुनावों कि लिए पार्टी को काफी प्रोत्साहन मिलेगा। इन विधान सभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन से कांग्रेस पार्टी में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

आज यहां जारी एक वक्तव्य में डॉ. तंवर ने कहा कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश के लोग भाजपा की जन-विरोधी नीतियों से बहुत तंग आ चुके हैं और आगामी लोक सभा चुनावों में उन्होंने वोट की चोट से भाजपा को भगाने का पक्का इरादा कर लिया है।

उन्होंने कहा कि आज के ये परिणाम झूठ पर सच की विजय का प्रतीक हैं और अंहकारी रवैये के विरूद्ध फतवा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा की चालों को समझ गए हैं और अब इनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि 2019 में कांग्रेस पार्टी श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में भारी बहुमत से सत्ता में आयेगी और लोगों की परेशानियों को दूर करेगी।

आज घोषित हुए परिणामों में कांग्रेस पार्टी के शानदार प्रदर्शन से पार्टी कार्यकत्र्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में भारी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकत्र्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजा कर, पटाखे फोड़ कर और लड्डू बांट कर अपनी खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष श्री जयपाल सिंह लाली, मीडिया इंचार्ज श्री कुलदीप सोनी, बालमुकुंद शर्मा, पूर्व आईएएस अधिकारी श्री प्रदीप कासनी, नरेश मग्गू, निशांत प्रभाकर, राकेश सोंधी, दलबीर बाल्मीकि, बिजेन्द्र सिवाच तथा पंकज शर्मा सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकत्र्ता मौजूद थे। इसी प्रकार प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने इन विधान सभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की शानदार सफलता पर खुशी व्यक्त करने के लिए समारोह किए।

इस अवसर पर बोलते हुए कुलदीप सोनी ने कहा कि इन विधान सभा चुनावों के परिणामों का प्रभाव हरियाणा विधान सभा के चुनावों पर भी अवश्य पड़ेगा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा में 80 से अधिक सीटों पर विजयी रहेगी और डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में सरकार बनायेगी।

You cannot copy content of this page