केवाईसी एप से मिलती है उम्मीदवार के बारे में जानकारी : डीसी

Font Size

मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों की ले सकते हैं जानकारी

गुरूग्राम, 08 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सहूलियत के लिए डिजीटल फोर्मेट में अनेक एप लांच किए हुए हैं। इन्हीं में से एक एप है केवाईसी। जिसके जरिए मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है।

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि होता है। मतदाता को सशक्त बनाने के लिए चुनाव आयोग ने तकनीक के युग में बड़े कदम उठाए हैं। चुनाव में मतदाता अपने लोकसभा क्षेत्र के सभी उम्मदीवारों की प्रोफाइल को जान सकें, इसके लिए आयोग ने स्पेशल केवाईसी (नो योर कैंडिडेट) एप की शुरुआत की है। इस एप का प्रयोग कर मतदाता चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के नामांकन में दर्ज की गई जानकारी को मोबाइल या लैपटॉप में देख सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए मोबाइल एप के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए गुरूग्राम जिला में स्वीप गतिविधियों को संचालित किया जा रहा है। आयोग द्वारा केवाईसी एप शुरू की गई है, जो कि चुनाव प्रक्रिया में काफी महत्वपूर्ण है। इस ऐप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति स्वयं के विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि समूचे भारत में किसी भी क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के नामांकन पत्र देख सकता है। उम्मीदवारों द्वारा नामांकन में दर्ज की गई विस्तृत जानकारी इस ऐप के माध्यम से देखी जा सकती है। नो योर कैंडिडेट (केवाईसी) नाम की यह ऐप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से फ्री में डाउनलोड की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि इस एप पर उम्मीदवार का नाम, पिता या पति, पार्टी, उम्र, लिंग, पता, राज्य, निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी मेन डिस्पले में दिखाई देती है। इसके साथ ही उम्मीदवार द्वारा नामांकन के दौरान दिया गया हलफनामा इस एप में अपलोड किया जाता है। मतदाता सीधे उम्मीदवार के हलफनामे में दी गई जानकारी प्राप्त सकते हैं। इसके अलावा केवाईसी ऐप पर चुनाव के दौरान सभी नामांकन, स्वीकृत नामांकन, निरस्त हुए नामांकन और नाम वापस लेने वाले प्रत्याशियों की भी जानकारी मिलती है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page