इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की झज्जर में गोली मार कर हत्या

Font Size

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की रविवार को जिला झज्जर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पूर्व विधायक फॉर्च्यूनर गाड़ी में जा रहे थे। उनके साथ उनके सुरक्षा कर्मी भी मौजूद थे उन्हें भी गोलियों का शिकार बनाया गया। गोली लगने की घटना कब बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि घटना में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा जबकि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य में कानून व्यवस्था को बदहाल बताया।

नफे सिंह राठी बहादुरगढ़ से इनेलो के विधायक रहे हैं। उन पर शाम को उस समय हमला हुआ जब वह अपनी गाड़ी में कहीं जा रहे थे। इनेलो प्रवक्ता राकेश सिहाग ने यह कहते हुए उनकी हत्या की पुष्टि की कि इस हमले में उनके साथ यात्रा कर रहे दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई। घटना में दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

गोली लगने से मरने वाले एक व्यक्ति की पहचान जयकिशन के रूप में हुई है जो इनेलो कार्यकर्ता बताए जाते हैं। घटना के बाद सभी को इलाज के लिए पास के ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने राठी को मृत घोषित कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर एक कार में थे। अपराध का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि संपत्ति विवाद अपराध के पीछे का मकसद लगता है। इस हमले के पीछे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके करीबी काला जत्थेदी का हाथ होने का भी संदेह है।

झज्जर के पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने मीडिया को बताया कि अपराध जाँच एजेंसी (सीआईए) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) टीमों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।इनेलो नेता अभय चौटाला ने भाजपा-जजपा सरकार पर राठी की जान को खतरा होने के बावजूद सुरक्षा मुहैया कराने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने अपराध पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गृह मंत्री अनिल विज के इस्तीफे की मांग की।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस घटना पर जारी बयान में कहा है कि “INLD पार्टी के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष श्री नफ़े सिंह राठी जी और श्री जय किशन के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूँ। शोकाकुल परिवारजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, इस कठिन समय में हम उनके साथ हैं।

इस मामले में संलिप्त एक भी दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा। पुलिस को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ़्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें।”

इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि “हरियाणा में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष श्री नफे सिंह राठी जी की गोली मार कर हत्या करने का समाचार बेहद दुःखद है।

यह प्रदेश की कानून व्यवस्था को दर्शाता है। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में आज कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा है।

दिवंगत आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि व परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

हमले में घायल हुए सुरक्षाकर्मियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।”

You cannot copy content of this page