नूंह हिंसा मामले में 160 से ज्यादा एफआईआर दर्ज , 300 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

Font Size

नई दिल्ली, 28 अगस्त : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा के मॉनसून सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही पूरी होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नूंह हिंसा मामले में 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 160 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं।

मनोहर लाल ने नूंह के नागरिकों व अन्य संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमने शांति बनाए रखने की अपील की थी, जिस पर नागरिकों व संगठनों का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों से अपील की थी कि मंदिरों में ही जलाभिषेक का कार्यक्रम किया जाए। हम विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता, बजरंग दल और अन्य संस्थाओं के लोगों व संत महात्माओं के आभारी हैं, जिन्होंने मंदिरों में जलाभिषेक के कार्यक्रम को शांतिपूर्वक पूर्ण किया।

राज्य मंत्री संदीप सिंह मामले में विपक्ष द्वारा हाईकोर्ट के सिटिंग जज द्वारा न्यायिक जांच करवाने की मांग के बारे पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। हालांकि, किसी भी स्थिति में जांच आयोग तब गठित किया जाता है, जब किसी जांच एजेंसी द्वारा जांच पूरी कर ली गई हो और उसमें कोई कमी रह गई हो। इस मामले में पुलिस द्वारा जांच अभी की जा रही है, पुलिस पूरी तरह से सशक्त है और हमें पुलिस पर भरोसा है।

मनोहर लाल ने कहा कि आज सदन में सोनीपत मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी का विधेयक भी पेश किया गया, जिसे पर कल चर्चा के बाद पारित किया जाएगा उन्होंने कहा कि गुरुग्राम, पंचकूला, फरीदाबाद की तरह सोनीपत में भी मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाई जाएगी। इसके अलावा हिसार में भी हिसार मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाई जाने की घोषणा की गई है।

Table of Contents

You cannot copy content of this page