देखिये ! पौराणिक विरासत से डिजिटल इंडिया की ओर ….

Font Size

अभिभूत हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री 

चंडीगढ़ :  हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल व केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री विजय गोयल राष्ट्रीय युवा महोत्सव में आयोजित की गई प्रगतिशील हरियाणा प्रदेश की प्रदर्शनी को देख अभिभूत हो उठे। प्रदर्शनी में लगाए गए हरियाणा की विरासत, गौरवशील हरियाणा, डिजिटल हरियाणा और विकासशील हरियाणा पंडालों ने गणमान्य अतिथिगण का विशेष ध्यान आकर्षित किया। 

 

प्रदर्शनी का शुभारंभ करते ही सबसे पहले होलोक्यू में भाषण देते हुए मुख्यमंत्री मनोहरलाल की विडियो क्लिप ने अतिथियों का ध्यान अनायास अपनी ओर खींच लिया। केंदीय मंत्री विजय गोयल ने भी डिजिटल हरियाणा की तारिफ करते हुए मुख्यमंत्री मनोहरलाल को बधाई दी।  विरासत पंडाल में मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, खेल मंत्री हरियाणा अनिल विज व सहकारिता मंंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा हरियाणा प्रभारी अनिल जैन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी, भू विज्ञान एवं खनन राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी, विधायक बहादुरगढ़ नरेश कौशिक ने दादा खेड़ा पर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद विरासत के आयोजक महासिंह पुनिया ने अतिथियों का पगड़ी बांधकर सम्मान किया। 

 

विरासत पंडाल में पुराने रेडियो, डोई, खाट, मूढ़े, 32 लीटर पानी वाला सबसे बड़ा हुक्का, सूत कातती व दरी बुनती ताई, रंग-बिरंगे घाघरे, दामण, पलिया, कड़छा, लोटा, ताखड़ी, डोल, पलंग, झूबेदार नाड़ा, बोहिया, गुड़ और बाजरा के लड्डू, चूरमा-बाकली इत्यादि ने महोत्सव के सितारा अतिथियों का मन मोह लिया। उन्होंने पारंपरिक व्यंजनों का न केवल स्वाद लिया,बल्कि आपस में हंसी-ठिठौली भी की। केंद्रीय मंत्री विजय गोयल इन वस्तुओं पर बार-बार मुख्यमंत्री के साथ मजाक करते दिखाई दिए और मुख्यमंत्री ने भी हरियाणा विरासत के बारे में अतिथियों को जानकारी दी। 

 

इसके बाद डिजिटल हरियाणा में सीएम विंडो, ई-डेश बोर्ड, रोबोट ताऊ, कम्प्यूटर के नए प्रोग्राम व नई डिजिटल तकनीकों से मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल को अवगत करवाया गया। मुख्यमंत्री ने डिजिटल हरियाणा की सराहना करते हुए कहा कि शासन प्रशासन में सरकार ने पारदर्शिता लाने के लिए अनेक क्रांतिकारी बदलाव किए है। अतिथियों ने गौरवशील हरियाणा में स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ, खेल उपलब्धियों, बढता औद्योगिक निवेश, हरियाणा में खोले जा रहे कॉमन सर्विस सेंटर इत्यादि का अवलोकन किया। उन्होंने विकासशील हरियाणा पंडाल में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं द्वारा तैयार किए गए व्यंजन चखे व उनका उत्साह बढ़ाया। 

 

इस अवसर पर स्थानीय निकाय व शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण, केंद्रीय खेल मंत्रालय के सचिव डॉ. ए. के. दुबे, आयुक्त चंद्र प्रकाश, उपायुक्त अतुल कुमार इत्यादि मौजूद थे। विधायक रणधीर कापड़ीवास, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन गोविंद भारद्वाज, हरको बैंक के चेयरमैन गुलशन भाटिया, मुख्यमंत्री के मीडिया ओएसडी अमित आर्य, नेहरू युवा केंद्र संगठन के महानिदेशक सेवानिवृत मेजर जनरल दिलावर सिंह, विरेंद्र मिश्रा इत्यादि ने भी हरियाणा प्रदर्शनी का अवलोकन किया। 

You cannot copy content of this page