हरियाणा दर्शन भी करेंगे प्रवासी हरियाणवी

Font Size

सांस्कृतिक व ऐतिहासिक धरोहर का करेंगे अवलोकन 

गुरुग्राम : गुरुग्राम में आयोजित किए गए प्रवासी हरियाणा दिवस में देश-विदेश से भाग लेने आए प्रवासी हरियाणवी 12 व 13 जनवरी को हरियाणा दर्शन पर जाएंगे. इस दौरान वे हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक धरोहर का अवलोकन करेंगे।
प्रवासी हरियाणवियों को गुरुग्राम से हरियाणा दर्शन पर लेकर जाने के लिए प्रदेश के पर्यटन विभाग द्वारा प्रबंध किए गए हैं। पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक एवं राज्य सरकार के सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक श्री समीरपाल सरो के अनुसार लगभग 140 प्रवासी हरियाणवियों ने हरियाणा दर्शन को जाने की इच्छा जाहिर की है। इसके लिए वोल्वो बसों की व्यवस्था की गई है। श्री सरो ने बताया कि 12 जनवरी को गुरुग्राम से चलकर प्रवासी हरियाणवियों के दल का झज्जर में प्रतापगढ़ फार्म में ठहराव होगा, जहां पर वे ग्रामीण हरियाणवी पृष्ठ भूमि का अनुभव लेंगे और जिस धरती की मिट्टी में वे पले बढ़े हैं, उसकी याद ताजा करेंगे। 
इसके बाद यह दल रोहतक में 12 जनवरी से आयोजित किया जा रहा राष्ट्रीय युवा महोत्सव में जाएंगे और उस महोत्सव के उद्घाटन सत्र के साक्षी बनेगे। उन्होंने बताया कि वीरवार को इस दल का रात्रि ठहराव करनाल के नूरमहल होटल में होगा, जहां पर इनके लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

इसके बाद अगले दिन 13 जनवरी लोहड़ी पर्व पर इस दल को धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र का भ्रमण करवाया जाएगा, जहां पर वे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को देखेंगे। गीता की जन्मस्थली जहां पर भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन के माध्यम से संपूर्ण मानवता को कर्म का दिव्य संदेश दिया, उसी कुरुक्षेत्र में यह दल पर्यटन आकर्षण केंद्रों का भ्रमण करेंगे। कुरुक्षेत्र में दोपहर भोज के बाद यह दल पिंजोर के लिए रवाना होगा। पिंजोर गार्डन देखने के बाद यह दल वापिस दिल्ली के लिए रवाना होगा। रास्ते में सोनीपत के राई स्थित एथनिक इंडिया पर्यटन केंद्र पर इस दल के लिए जलपान की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को यह दल वापिस  दिल्ली पहुंच जाएगा।

You cannot copy content of this page