हरियाणा की छोरियों ने फिर किया कमाल, कबड्डी में जीता गोल्ड

Font Size

महाराष्ट्र की टीम को एकतरफा मैच में मात देकर बनी विजेता

हरियाणा की जीत से झूम उठे दर्शक, हरियाणवी गानों पर किया डांस

चंडीगढ़, 7 जून : पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान हरियाणा की छोरियों लगातार कमाल कर रही हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र और हरियाणा के मध्य हुए लड़कियों के कबड्डी के फाइनल मैच में हरियाणा ने गोल्ड मेडल हासिल किया।

 इस फाइनल मुकाबले के दौरान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा हुआ नजर आया और प्रसिद्ध गायक व रैपर रफ्तार के थीम सॉन्ग से मैच की शुरुआत हुई। हरियाणा की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही मैच को एक तरफा बनाए रखा और 48-29 के बड़े अंतर से महाराष्ट्र को मात दी।

मैच के हाफ टाइम में हरियाणा का स्कोर 25 और महाराष्ट्र का 15 था तथा मैच की समाप्ति पर हरियाणा का स्कोर 48 तथा महाराष्ट्र 29 के स्कोर पर सिमटा गया।

मैच के दौरान दर्शक ‘हरियाणा की छोरियां धाकड़’ के नारे लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे। हरियाणा की जीत पर एक और जहाँ दर्शकों ने हरियाणा के मस्कट धाकड़ के साथ नाच कर अपनी खुशी जाहिर की तो वहीं दर्शकों ने भी हरियाणवी गानों पर खूब नृत्य किया।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान अब तक हरियाणा कुल 63 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। शाम 5 बजे तक हरियाणा के खाते में 21 गोल्ड, 16 रजत और 26 कांस्य पदक थे। वहीं महाराष्ट्र भी 18 गोल्ड मेडल के साथ दूसरे नंबर पर बरकरार है।

You cannot copy content of this page