अनोखा होगा 350वें प्रकाशोत्सव में गांधी मैदान का नजारा

Font Size

टेंट सिटी में लगभग 15 हजार लोगों के रहने की व्यवस्था

एक साथ 6000 लोग बैठकर देख सकेंगे घुड़दौड़

पटना :  350वें प्रकाशोत्सव में गांधी मैदान का नजारा आकर्षक और रोमांच से भरपूर होगा। देश-विदेश से आनेवाले श्रद्धालुओं के लिए यहां रहने-खाने की व्यवस्था की जा रही है। यहां बन रही टेंट सिटी में लगभग 15 हजार लोगों के रहने की व्यवस्था की जा रही है। यहां और बंक बेड की सुविधा रहेगी। डोरमेटरी में एक हजार बंक बेड लगाए गए हैं। इस पर ऊपर-नीचे दो लोगों के सोने की व्यवस्था रहेगी। एक साथ 6000 लोग बैठकर देख सकेंगे घुड़दौड़.

 

स्टेट बैंक के सामने आकर्षक सभा मंडप तैयार किया गया है। 25 दिसंबर तक यहां का पूरा काम पूरा हो जाएगा। गांधी मैदान टेंट सिटी में एक साथ 6000 लोग बैठकर घुड़दौड़ देख सकेंगे। इसके साथ ही यहां मार्शल आर्ट और कई तरह के करतब दिखाए जाएंगे। मार्शल आर्ट के तहत मोटरसाइकिल पर हैरतअंगेज प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए पंजाब से एक्सपर्ट आएंगे। दर्शक दीर्घा का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। पंजाब के एक्सपर्ट कई विधाओं में करतब दिखाएंगे। समारोह में विश्वस्तर के रागी जत्था, कवि, कथावाचक अपने प्रवचनों से संगतों को निहाल करेंगे।

खालसा यात्रा 5 जनवरी को पहुंचेगी पटना

प्रकाशोत्सव में बड़ी संख्या में अप्रवासी भारतीय भी भाग लेंगे। सिख धर्म इंटरनेशनल की राज खालसा यात्रा अमेरिका से गुरुद्वारा श्री पटना साहिब के लिए शुरू की गई है। इसके सदस्य 2 जनवरी को स्वर्ण मंदिर परिसर से यात्रा शुरू करेंगे और 5 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली पटना सिटी पहुंचेंगे। समारोह में शिरकत करने के लिए अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोपीय देशों, दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों और आस्ट्रेलिया से बड़ी संख्या में अनिवासी भारतीय सिख भारत रहे हैं। वहीं दो अक्टूबर को निकाली गई जागृति यात्रा 13 राज्यों से होती हुई 16 दिसंबर को पटना साहिब पहुंच रही है।

71 हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे

प्रकाशोत्सव पर एयरपोर्ट से पटना सिटी तक 71 हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। इसमें शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि इसके लिए शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जा रही है। प्रकाशोत्सव पर आनेवाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत हो इसके लिए हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे।

एक हॉल में रहेंगे 60 लोग

एक हॉल में 60 लोगों के रहने की व्यवस्था रहेगी। सात-सात सौ वॉश रूम और बाथरूम बनाए गए हैं। लंगर का 90 फीसदी काम हो गया है। मीडिया सेंटर, प्रशासनिक भवन, कंट्रोल रूम आदि भी बनकर लगभग तैयार हैं। टेंट सिटी में फाइबर बिछाया जाएगा, ताकि लोगों को ठंड में परेशानी हो।

You cannot copy content of this page